शोक सभा में जा रहे कार में सवार 5 लोगों पर पलटा कैंटर, तीन की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल(तरावड़ी)। जीटी रोड स्थित तरावड़ी के नजदीक जीवी राईस मिल के सामने हुए एक कार पर कैंटर पलटने से कार चालक सहित दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। बस्तली निवासी पांच लोग कार में सवार होकर शाहबाद के एक गांव में शोक सभा में जा रहे थे। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे मेें लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए, जबकि घायलों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी कैैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सड़क हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की मौत होने से गांव में मातम पसर गया। घायल सुरेश वासी बस्तली ने बताया कि वह चालक राजेश कुमार, पत्नी मीना, पुष्पा वासी बस्तली , बहन जीत्तो देवी हाल निवासी बस्तली कार में सवार होकर सुबह अपने गांव से शाहबाद के गांव भाना में एक शोक सभा में जा रहे थे। सुबह साढ़े सात बजे के करीब जैसे ही उनकी गाड़ी जीटी रोड पर तरावड़ी स्थित जीवी राईस मिल के सामने पहुंची तो उनकी गाड़ी के साथ चल रहे एक कैंटर का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने से कैंटर उनकी कार पर पलट गया। कार पर कैंटर पलटने से कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार के परखच्चे उड़ गए। दोनों वाहनों की तेज गति होने के कारण कार काफी दूर तक सड़क पर घसीटती हुई दिखाई दी। इस हादसे में चालक राजेश (33), मीना देवी (46) और जीतो देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुरेश और पुष्पा निवासी बस्तली घायल हो गए। सुबह जीटी रोड पर घायलों की चीख सुनकर हर कोई दंग रह गया। लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने मृतकों को गाड़ी से बाहर निकाला और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जबकि तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के तुंरत बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच अधिकारी एएसआई कर्मबीर ने बताया कि मौके पर पहुंचकर कैंटर को कब्जे में ले लिया है। कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।