अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सीएम सिटी को चमकाने के लिए निगम ने तैयारी कर ली है। अब शहर में साफ-सफाई और नाइट स्वीपिंग भी ठेकेदार ही करेंगे। टेंडर की टेक्निकल बिड खुल चुकी है। कागजों की जांच के बाद सात कंपनियों में से तीन कंपनियों को बाहर कर दिया है।
अब मैदान में चार कंपनियां रह गई हैं। इन कंपनियों में से किसी कंपनी को शहर की सफाई का टेंडर मिलेगा यह एक अक्तूबर से पहले निर्धारित हो जाएगा। इस बार निगम ने 20 वार्डों को चार जोन में बांटा है, ताकि साफ-सफाई अच्छे से हो सके। इस बाद निगम ने एक बदलाव किया है कि कॉमर्शियल एरिया में रात को सफाई उस जोन का ठेकेदार ही करेगा। पहले निगम के कर्मचारी ही रात को सफाई करते थे। नई लिस्ट में शहर के करीब सभी सेक्टरों को चार नंबर जोन में शामिल कर दिया गया है। नए टेंडर की खास बात यह है कि जोन की सड़कों व मार्केट के साथ ही टॉयलेट की सफाई भी ठेकेदार के हवाले की जाएगी। निगम एरिया में टॉयलेट की 550 सीट हैं। पुराना टेंडर 30 सितंबर को समाप्त हो जाएगा। बीते साल 22.31 करोड़ सालाना में ठेका दिया गया था। नया टेंडर एक अक्तूबर से शुरू हो जाएगा।
जानिए आप किस जोन में हैं
जोन 1
वार्ड-नंबर 1, 2, 4, 5, 6, 7, सेक्टर-3, एचएसआइडीसी, सिरसी, दहा व मदनपुर गांव। (इसमें सेक्टर-6, 6 एचबीसी, 7, 8, आठ पार्ट-टू, नौ व नौ पार्ट-टू शामिल नहीं है।)
जोन-2
वार्ड नंबर 3, 8, 10, 11, 12, 13, 14 और वार्ड नंबर 15 शामिल है। (इसमें सेक्टर-14 और 14 पार्ट-2 शामिल नहीं है।)
जोन-3
इस जोन में वार्ड नंबर 16, 17, 18, 19 व 20 शामिल हैं।
जोन-4
सेक्टर-6, 6 एचबीसी, 7, 8, आठ पार्ट-टू, नौ, नौ पार्ट-टू 12 पार्ट-2, 13 व 13 एक्सटेंशन, 14 पार्ट-1, 14 पार्ट-2, ओल्ड व न्यू हाउसिंग बोर्ड, सेक्टर-9 और सेक्टर-4 की ग्रीन बेल्ट, मुगल कैनाल फेज एक व दो। पूर्वी व पश्चिमी एनएच-44 भी इस जोन में ही शामिल है। (इसमें मुगल कैनाल की ड्रेन शामिल नहीं है।)
इस बार कचरा उठवाने के लिए देनें होंगे रुपए
इस बार नगर निगम ने एक ओर शर्त रखी है। जिसके तहत कचरा उठवाने के लिए शहरवासियों को रुपए देने होंगे। यह रुपए ठेकेदार को देने होंगे। आवासी ऐरिया से 100 रुपए तक और कॉमर्शियल ऐरिया में पांच हजार रुपए तक देने पड़ेंगे।
इन कॉमर्शियल एरिया की रात को होगी सफाई
जोन-1 : आइटीआइ चौक से बुड्ढाखेड़ा गांव व साथ लगती ड्रेन, फूसगढ़ रोड और ताऊ देवी लाल चौक से आइजी निवास वाया मेरठ रोड तक कॉमर्शियल एरिया है।
जोन-2 : पुराने बस स्टैंड के पीछे से एसडी मॉडल स्कूल, मीनार रोड से सैनी ढाबा, महाराणा प्रताप चौक से ताऊ देवी लाल चौक, कर्ण गेट मार्केट में ए-वन स्वीट्स से मंजी साहिब गुरुद्वारा और चौड़ा बाजार से जोगीदास कोठी, कमेटी चौक से महाराणा प्रताप चौक वाया अर्जुल व कलंदरी गेट, महाराणा प्रताप चौक से मीरा घाटी चौक वाया सुभाष गेट, मेला राम स्कूल से महात्मा गांधी चौक, पुरानी सब्जी मंडी चौक से मॉडल टाउन चौक, नेहरू पैलेस मार्केट व दो किसान चौक। क्लब मार्केंट से ज्ञान भूषण अस्पताल, दयाल सिंह कॉलेज से मेडिकल कॉलेज, कमेटी चौक से रणबीर सिंह हुड्डा चौक, रामगढ़िया चौक से घोघड़ीपुर फ्लाईओवर, रेलवे रोड स्थित राजकीय महिला विद्यालय से हांसी चौक वाया इब्राहिम मंडी, मोबाइल मार्केंट से ओल्ड मुगल कैनाल, मीरा घाटी चौक से नमस्ते चौक, सदर बाजार स्थित आर्य स्वीट्स से कर्ण ताल, मीरा घाटी चौक से नावल्टी सिनेमा, पूरी टिंबर मार्केट, बाइक मार्केट से महाबीर दल अस्पताल, कमेटी चौक से अग्रसेन चौक इसमें शामिल हैं।
जोन-3 : इसमें खादी आश्रम से गांधी नगर, काछवा फ्लाईओवर से प्रेम नगर के गुरुद्वारे तक, शिव कॉलोनी की गली नंबर एक से नौ कैथल रोड, काछवा फ्लाईओवर से विवेकानंद पार्क।
जोन-4 : सेक्टर-6, 7, 8, 9, 13 व सेक्टर-14 की मुख्य मार्केट, मुगल कैनाल में रणबीर हुड्डा चौक से मेला राम स्कूल तक एरिया कॉमर्शियल में आएगा। यहां रात को कर्मचारी सफाई करेंगे।
वर्जन
सफाई के लिए इस बार 20 वार्डों को चार जोन में बांटा गया है। टेक्निकल बिड में सात में तीन कंपनियां बाहर हो चुकी हैं। पुराना टेंडर 30 सितंबर को समाप्त हो जाएगा। कॉमर्शियल एरिया में नाइट स्वीपिंग और टॉयलेज की सफाई भी इन्हीं ठेकेदार को करानी होगी।
-धीरज कुमार, ईओ, नगर निगम, करनाल।