अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से अब 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले सभी दिव्यांगजनों को यूनिक डिसेबीलिटी आईडेन्टिटी कार्ड (यूडीआईडी ) यानी अनुपम असक्तता पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। इसके लिए जिले के सभी खंडों में आगामी 21 से 28 सितंबर तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में 40 प्रतिशत दिव्यांगता की पात्रता वाले और पहले से ही दिव्यांग पेंशन प्राप्त कर रहे व्यक्ति अपनी यूडीेआईडी बनवा सकते हैं, इसके लिए उन्हे कुछ जरूरी दस्तावेज मौके पर ही प्रस्तुत करने होंगे। इन दस्तावेजों में दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, ब्लड ग्रुप रिपोर्ट, पासपोर्ट आकार के दो नवीनतम फोटो तथा अनसुचित जाति या पिछड़ा वर्ग से संबंधित प्रमाण पत्र भी शामिल है।
डीसी डा. आदित्य दहिया ने बताया कि 21 सितंबर को निसिंग खंड के चिढ़ाव स्थित बीडीओ ऑफिस तथा निसिंग की अग्रवाल धर्मशाला में शिविर लगाए जाएंगे। नीलोखेड़ी खंड में 22 सितंबर को बीडीओ ऑफिस तथा निगदू के कम्यूनिटी सेंटर में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके पश्चात् 24 सितंबर को असन्ध खंड के बीडीओ ऑफिस व जलमाना के गुरूद्वारा में तथा इसी दिन जुण्डला के पंचायत घर में भी शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को घरौंडा के बीडीओ कार्यालय और मुनक के बीडीओ कार्यालय में कैम्प लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 26 सितंबर को पंचायत घर कुंजपुरा तथा बीडीओ ऑफिस करनाल में शिविर लगेंगे। 27 सितम्बर को पंचायत घर काछवा तथा नगर निगम कार्यालय करनाल में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जबकि 28 सितंबर को करनाल के पंडित चिरंजी लाल कॉलेज, खालसा कॉलेज, डीएवी कॉलेज, दयाल सिंह कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय तथा कुमारी विद्यावती डीएवी कॉलेज करनाल में शिविर लगाए जाएंगे। इसी दिन बीडीओ कार्यालय इन्द्री तथा पंचायत घर गढ़ी बीरबल में शिविर आयोजित किए जाएंगे। डीसी ने शिविरों के सफल आयोजन के लिए जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। सिविल सर्जन करनाल को कहा गया है कि संबंधित पीएचसी, सीएचसी व राजकीय अस्पतालों के इंचार्ज कैम्प स्थल पर आवेदकों के ब्लड ग्रुप की निशुल्क जांच करवाएंगे। जांच करने वाले कर्मचारी का नाम एवं मोबाइल नंबर लेकर जिला समाज कल्याण अधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध करवाएंगे। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अपने-अपने अधीनस्थ ग्राम सचिवों तथा गांव के सरपंचों को अवगत कराते हुए मुनादी करवाएंगे ताकि कोई भी दिव्यांगजन यूडीआईडी से वंचित न रहे। ग्राम सचिव सभी कैम्पो में रहना भी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने जिले के तमाम 40 प्रतिशत दिव्यांगजनो से अपील की है कि वे खंडवार व निर्धारित तिथि को अपने दस्तावेज लेकर संबंधित शिविर में जांए, ताकि उनका यूडीआईडी बनवाया जा सके। उन्होंने बताया कि कैम्प में आए प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन का डाटा एकत्र कर उसे समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में ऑनलाइन करके यूडीआईडी कार्ड बनाए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि यह कार्य आगामी 2 अक्तूबर से पूर्व संपन्न किया जाना है।