माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। उपायुक्त साहब.. मेरा राशन कार्ड कट गया है, इसे ठीक करवा दीजिए, करनाल के स्वर्ण सिंह ने शिकायत रखी, जिस पर उपायुक्त ने जांच करने के आदेश दिए। लघु सचिवालय में वीरवार को लगे समाधान शिविर में उपायुक्त उत्तम सिंह के समक्ष 10 शिकायतें आईं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए।
इसके अलावा नीलोखेड़ी उपमंडल में 2, इंद्री उपमंडल में एक व असंध उपमंडल में चार शिकायतें प्राप्त हुईं। घरौंडा उपमंडल में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। विदित हो कि बुधवार को उपायुक्त के गुरुग्राम तबादले के आदेश जारी हुए। ऐसे में वीरवार को वे लंबे समय बाद खुद शिविर में पहुंचे।
करनाल मुख्यालय पर आयोजित शिविर में स्वर्ण सिंह डीएफएससी विभाग से संबंधित, कलेशो देवी डीआरडीए से संबंधित, रविंद्र सिंह व भानमती पुलिस विभाग से संबंधित, कमलेश देवी जिला मौलिक शिक्षा विभाग से संबंधित, सरोज बाला, मनोहर लाल व नरेश कुमार सीएमसी से और गुरमीत सिंह डीडीपीओ से संबंधित शिकायतें लेकर पहुंचे। इसी प्रकार नीलोखेड़ी उपमंडल में शिविर में भीरो देवी व शालू अरोड़ा क्रिड से संबंधित समस्या लेकर पहुंचीं। इंद्री में जसविंद्र अपने आधार कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए पहुंचे। असंध उपमंडल में संदीप राशन कार्ड से नाम कटवाने, दिनेश मारने की धमकी की शिकायत लेकर, हरपाल कूड़ा हटवाने व गंदे पानी की समस्या सुलझाने और सुनीता देवी विधवा पेंशन लगवाने के लिए पहुंचीं।