करनाल/घरौंडा। बीती रात से हो रही बारिश ने शुक्रवार को जनजीवन को प्रभावित कर दिया। शुक्रवार को पूरा दिन रिमझिम बारिश होती रही, जिससे ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी बारिश हो सकती है, लेकिन 16 फरवरी को मौसम साफ रहेगा।
बारिश सेे जहां ठिठुरन बढ़ गई है, वहीं खेतों में खड़ी कई प्रकार की फसलों पर विपरीत असर पड़ने के आसार हैं। जिले में 16.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बारिश से शहर में पानी निकासी और साफ सफाई के इंतजाम की कलई खुल गई। कई जगह जलभराव की स्थिति रही तो नाले नालियों में फंसी गंदगी ने निकासी को ठप कर दिया। रात से हो रही बारिश से फसलों व सब्जियों पर प्रभाव पड़ने लग गया है और शहर में कई जगहों पर पानी भर गया है।
शहर में पानी की निकासी न होने के कारण शहर के मुख्य मार्गो पर पानी भर गया। जिससे लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सर्विस लेन पर सड़क की हालत खस्ता हो गई हैजिससे दो पहिया वाहनों को आवागमन में भारी दिक्कत आई। शुक्रवार के बारिश होने के कारण दुकानदार अपनी दुकानों के अंदर ही दुबके नजर आए और बाजारों में सन्नाटा छाया रहा।
घरौंडा के दुकानदार रोशन धीमान, रमेश कुमार, सुभाष और आशीष गुप्ता ने बताया कि बारिश होने से बाजारों में बहुत कम ग्राहक नजर आए। बारिश के होने के कारण शहर के मुख्य मार्गाें पर पानी भर गया। पानी की निकासी न होने के कारण रेलवे रोड, तकिया बाजार, सर्विस लेन नई अनाज मंडी के दोनो मुख्य गेटों पर पानी भर गया, जिससे व्यापारियों को आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश से कारण खेतों में पानी भर गया है। जिससे फसल को नुकसान होने के आसार हैं। किसान अजय राणा, विकास राणा, अजीत सिंह व अशोक कुमार किसानों ने बताया कि बारिश के कारण फसल में पानी भर गया है। गोभी, टमाटर, बैंगन आदि सब्जियों को काफी नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि अगर बारिश निरंतर जारी रही तो फसलों पर काफी प्रभाव पड़ेगा। उद्यान विभाग के अधिकारी मदन लाल ने बताया कि बारिश से गेहूं की फसल के साथ साथ सब्जियों पर विपरीत असर पड़ा है।
मौसम का हाल
अधिकतम तापमान- 12.6 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान - 9.8 डिग्री सेल्सियस
नमी - सुबह 92 प्रतिशत, शाम 97 प्रतिशत
वायु दाब - सुबह 9.1, शाम 10.7
हवा की स्पीड - 5.4 किलोमीटर प्रति घंटा
---------------------------------