असंध। शनिवार देर रात को अलग-अलग जगहों पर दो व्यक्तियों को गोली मारने की वारदात हुई। इन दोनों बड़ी वारदातों
से पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि पहली घटना सालवन रोड पर रात 9 बजे हुई। जिसमें बाइक सवार तीन बदमाशों ने खल फैक्टरी के संचालक लव को गोली मारकर 60 हजार रुपये लूट लिए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस का दावा था कि उन्होंने चारों तरफ नाकाबंदी कर दी है लेकिन पुलिस के ये दावे रात को करीब 12 बजे फेल हो जाते हैं क्योंकि 12 बजे गांव दुपेड़ी के अड्डे पर सात-आठ लोगों ने तीन युवकों पर हमला किया और फिर एक युवक को गोली मार दी। जिससे वह घायल हो गया। ऐसे में यह साफ हो गया है कि वारदात के बाद पुलिस कितनी अलर्ट होती है और इससे पुलिस की नाकाबंदी पर भी सवाल खड़े होते हैं। क्योंकि दोनों मामलों में एक भी मामले में आरोपी पकड़ा नहीं गया है।
पहला मामला रात 9 बजे
शनिवार रात 9 बजे खल फैक्टरी संचालक लव व उसका भाई मधुसूदन फैक्टरी से 60 हजार रुपये लेकर स्कूटी पर सवार होकर असंध में घर आ रहे थे तो नकाबपोश बाइक सवार तीन बदमाशों ने लव को गोली मारी और 60 हजार रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे।
दूसरा मामला रात 12 बजे
पुलिस को दी शिकायत में सतीश वासी दुपेड़ी ने बताया कि करीब 1 माह पूर्व आरोपी आनंद वासी दुपेड़ी की कार से उसके भाई टिंकू को चोट लग गई थी। तब आनंद ने उन्हें धमकी दी थी। शनिवार रात को जब वह सालवन रोड स्थित अपने ढाबा पर खाना खाकर नौकर पिंकू और चचेरे भाई विकास के साथ बाइक पर घर आ रहा था। इसी दौरान गांव के अड्डे के पास पहले से खड़े मुख्य आरोपी आंनद, टोनी, अरविंद उर्फ काला, रमेश, सुल्तान वासी दुपेड़ी और बादल, दिनेश, रविंद्र वासी फफडाना ने उनकी बाइक को रुकवाकर लाठी, डंडों व गंडासियों से हमला कर दिया। इसी दौरान आरोपी आनंद ने उसके भाई विकास पर गोलियां चला दी। गोली विकास की टांग के पास लगी। गोली मारने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घायलों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर विकास को करनाल रेफर कर दिया। जहां अब घायल को इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर है।
दोनों पक्षों का पुरानी रंजिश को लेकर कोई झगड़ा था। इसी के चलते एक पक्ष
के लोगों ने बाइक पर आ रहे तीन लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें विकास को
गोली लग गई। पुलिस ने सतीश की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, 307 सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
-जगबीर सिंह, थाना प्रभारी, असंध थाना