अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। जिले में बेटियों के लिए खोले जाने वाले दो नए राजकीय महाविद्यालय इसी सत्र से शुरू होंगे। उच्चतर शिक्षा विभाग के डायरेक्टर ने पत्र जारी कर इसी सत्र से दाखिले शुरू करने के निर्देश दिए हैं। घरौंडा के बसताड़ा और निसिंग के बस्तली में गर्ल्स कॉलेज खोले जा रहे हैं। जल्द ही विभाग की ओर से दोनों कॉलेजों में शुरू होने वाले कोर्सों की भी सूची जारी की जाएगी। दोनों कॉलेजों के निर्माण व एडमिशन प्रक्रिया को लेकर पंडित चिरंजीलाल शर्मा गवर्नमेंट पीजी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. रेखा शर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से नए सत्र के दाखिलों के लिए 8 जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बसताड़ा कॉलेज का निर्माण जोरों पर, बस्तली में शुरू होने का इंतजार
घरौंडा के बसताड़ा में बनाए जाने वाले कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। आईटीआई के नजदीक करीब 9 एकड़ जमीन पर बनाया जा रहा है। जबकि निसिंग ब्लॉक के गांव बस्तली में सीएम की घोषणा अनुसार राजकीय महिला कॉलेज तैयार किया जाना है। इसके लिए अभी तक रफ एस्टीमेट अप्रूवल नहीं हुआ है। जिसके बाद ड्राइंग तैयार होगी, उसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
बसताड़ा में आईटीआई और बस्तली में सरकारी स्कूल में लगेगी कक्षाएं
विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार जब तक दोनों कॉलेजों के भवन तैयार नहीं हो जाते तब तक इन दोनों कॉलेजों की कक्षाएं दूसरी जगह लगाई जाएंगी। बसताड़ा कॉलेज की कक्षाएं आईटीआई में लगेंगी, जबकि बस्तली में बनने वाले कॉलेज की कक्षाएं अभी पास के सरकारी स्कूल में लगाई जाएंगी।
बसताड़ा और बस्तली में बनने वाले गर्ल्स कॉलेज इसी सत्र से शुरू होंगे। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से पत्र जारी कर इसके निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही दोनों कॉलेजों के कोर्सों की सूची भी विभाग की ओर से जारी की जाएगी। -डॉ. रेखा शर्मा, प्रिंसिपल एवं नोडल अधिकारी।