अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। शिक्षा विभाग की ओर से मेरी साइकिल मेरी पसंद के तहत बस स्टैंड के समीप राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में लगाए गए साइकिल मेले में दूसरे दिन भी काफी संख्या में विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। यहां छात्राओं के अभिभावक छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना को लेकर उलझन में पड़े रहे, क्योंकि मेरी साइकिल मेरी पसंद योजना में विद्यार्थियों को 20 इंच साइकिल के लिए 3100 और 22 इंच साइकिल के लिए 3300 रुपये दिए जाते हैं, लेकिन छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना में छात्राओं को चार रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से रुपये दिए जाएंगे। जिसमें शर्त यह है कि जो छात्रा साइकिल खरीदेगी व इस योजना का लाभ नहीं ले सकती।
इसलिए अधिकतर छात्राओं ने साइकिल खरीदने के लिए ऑर्डर ही नहीं किया। दूसरे दिन तक मेले में 5814 एससी वर्ग विद्यार्थियों में से 1218 विद्यार्थियों ने ही साइकिल के लेने के लिए आर्डर किया। दूसरे दिन साइकिल मेले का डीईईओ शमशेर सिंह ने अवलोकन किया। इस दौरान उनके साथ जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुशील कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ मोहन मुंजाल, प्रिंसिपल ओमप्रकाश, संयोजक कीर्ति रोहिला मौजूद रहीं।
पांच साइकिल विक्रेताओं ने लिया मेले में हिस्सा
साइकिल मेले में पांच साइकिल विक्रेताओं ने हिस्सा लिया। दूसरे दिन मेले में तीन हजार से 14 हजार रुपये तक की साइकिल आई हुई थी। प्रदर्शन में विद्यार्थियों ने साइकिलों को चलाकर देखा, लेकिन उसकी कीमत को देखकर वे पीछे हट गए। हालांकि कुछ विद्यार्थियों ने महंगे रेट की साइकिल का भी आर्डर दिया है। लेकिन उन्हें विभाग की ओर से 3100 या 3300 रुपये ही मिलेंगे। बाकी की बकाया पेमेंट विद्यार्थी को ही भरनी होगी।
इन विद्यार्थियों ने दिया साइकिल का आर्डर
ब्लॉक कुल विद्यार्थी आर्डर दिए
करनाल 1103 240
असंध 865 130
घरौंडा 904 130
इंद्री 834 187
नीलोखेड़ी 1115 373
निसिंग 993 158
मेरी साइकिल मेरी पसंद के तहत दो दिवसीय साइकिल मेला लगाया गया था, जिसमें 1218 विद्यार्थियों ने ही साइकिल खरीदने के लिए आर्डर किए हैं। जिले में 9वीं व 11वीं कक्षा में एससी वर्ग के 5814 के करीब विद्यार्थी हैं। जिन विद्यार्थियों ने साइकिल का आर्डर किया है। उनके बैंक खाते में जल्द ही रुपये डाल दिए जाएंगे।
-सुशील कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, करनाल।