घर से मोबाइल और नगदी उड़ा ले गए अज्ञात चोर
अमर उजाला ब्यूरो
तरावड़ी। बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मकान में से मोबाइल फोन और अन्य सामान के साथ-साथ करीब 6 हजार रुपए की नगदी चुरा ली। चोरी की वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने सुबह मौके पर पहुंचकर जांच की।
तरावड़ी के वार्ड नंबर-5 स्थित शनि मंदिर के साथ लगते मकान में चोरों ने ऊपर के रास्ते से चढ़कर खिड़की से अंदर प्रवेश किया। घर के सभी सदस्य सो रहे थे। चोरों ने मकान में घुसकर मंदिर में रखा मोबाइल फोन और करीब 6 हजार रुपए की नगदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक सुभाष ने बताया कि अज्ञात चोर उसे करीब 15 हजार रुपए से अधिक का चुना लगाकर गए हैं। उन्होंने बताया कि उसके घर में यह तीसरी चोरी है। एक बार पुलिस को चोर पकड़ कर भी दिया था, लेकिन इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि तीसरी बार चोरी की घटना घट गई, लेकिन पुलिस अभी तक चोरों का सुराग लगाने में असमर्थ हैं। सुभाष ने मांग की है कि जल्दी ही चोरों का सुराग लगाया जाए। इधर थाना प्रभारी जनकराज ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्दी ही चोरों को पकड़ लिया जाऐगा।