संवाद न्यूज एजेंसी
नीलोखेड़ी। औद्योगिक नगर स्थित एक किराना दुकान के गोदाम का ताला तोड़कर चोर करीब 15 हजार की नकदी, हजारों रुपये के ड्राइफ्रूट व अन्य सामान चोरी करके ले गए। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर चोरी करके ले गए। इससे पहले भी दुकान में दो बार चोरी हो चुकी है। दुकानदार जयप्रकाश जुनेजा ने बताया कि उसने नौ बजे अपने दुकान खोली तो अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। दुकानदार ने बताया कि चोर गोदाम की दीवार से कूद कर अंदर घुसे और गोदाम का ताला तोड़कर दुकान में घुसे। वे नकदी सहित सिगरेट और भारी मात्रा में ड्राइफ्रूट चोरी कर ले गए। दुकानदार ने बताया कि सामान सहित उसे दुकान का करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नीलोखेड़ी चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। बुटाना थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर लिया है।