संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बढ़ती गर्मी से डायरिया के मरीजों की संख्या में तेजी आई है। जिला नागरिक अस्पताल में हर दिन डायरिया के 10 से 15 मरीज पहुंच रहे हैं। सोमवार को भी 15 मरीज ओपीडी में पहुंचे। इनमें से ज्यादा हालत खराब होने पर पांच को दाखिल भी करना पड़ा। जबकि मार्च में दस्त और उल्टी के 42, अप्रैल में 51 और मई में 58 मरीज नागरिक अस्पताल में पहुंचे थे। जून में पहले नौ दिनों में इतने मरीज आ चुके हैं। पहले सप्ताह में ही रोज आने वाले मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई थी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गर्मी के मौसम में दूषित पानी और खुले में रखा या बासी भोजन डायरिया का मुख्य कारण बन रहे हैं। ये मामले बढ़ते तापमान के साथ और ज्यादा हो सकते हैं, अगर लोग साफ पानी और भोजन को लेकर सावधानी न बरतें। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलबीर का कहना है कि गर्मी में शरीर जल्दी डिहाइड्रेट होता है। अगर लोग गंदा पानी या खुले में रखा खाना खा लेते हैं तो डायरिया और उल्टी जैसी बीमारियां जल्दी पकड़ लेती हैं। ऐसे मौसम में उबालकर ठंडा किया हुआ पानी पीएं और घर का ताजा खाना खाएं। अस्पताल में दवाइयां और ओआरएस की पर्याप्त व्यवस्था है। डायरिया के लिए अलग काउंटर और दवाओं की खास व्यवस्था की गई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीमें पानी के सैंपल लेकर जांच भी कर रही हैं।