राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह 15 अगस्त को नई अनाज मंडी में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह में सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर बतौर मुख्य अतिथि सुबह 8:58 बजे ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। मुख्य अतिथि अनाज मंडी में आयोजित समारोह में पहुंचने से पहले स्थानीय जिला सैनिक बोर्ड कार्यालय परिसर में स्थित युद्ध स्मारक पर जाकर, देश के वीर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्घांजलि देंगे। इस पर्व के मद्देनजर शहर में नाके लगाए गए हैं। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। मुख्य समारोह के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को धूमधाम से मनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा की दृष्टि को मद्देनजर रखकर पुख्ता इंतजाम किए हैं। दर्शकों के लिए स्वच्छ पेयजल इत्यादि की व्यवस्था की गई है। समारोह में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों के आने-जाने के लिए सरकारी बस सेवा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को भव्य रूप से मनाने के लिए विभिन्न स्कूलों के करीब 3000 बच्चे स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इनमें करीब 2500 बच्चे सामूहिक मास पीटी शो, डंबल लेजियम, परेड, मार्च पास्ट और शेष बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीम में शामिल है। सांस्कृतिक कार्यक्रम राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस की गरिमा के अनुरूप देशभक्ति से ओत-प्रोत होंगे। कार्यक्रम में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी आर्मी विंग, एनसीसी एयर विंग ब्वायज व गर्ल्स प्लाटून, स्काउट व गाइड्स और जवाहर नवोदय विद्यालय का बैंड मार्च पास्ट में शामिल रहेगा। उन्होंने बताया कि जिले के साथ-साथ उपमंडल असंध, इंद्री व घरौंडा में भी 15 अगस्त के मौके पर समारोह आयोजित किए जाएंगे, जहां संबंधित उपमंडलाधीश ध्वजारोहण करेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम : एसपी
एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। सभी थानों और चौकी प्रभारियों को निर्देश हैं कि वे किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और संदिग्ध लोगों को पर नजर रखें। इसके अलावा, शहर में नाके लगाकर चेकिंग अभियान जारी रहेगा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।