जमीन के फर्जी कागजों के आधार पर धोखाधड़ी कर 15.50 लाख रुपये ऐंठने और जान की धमकी देने के मामले में यूपी निवासी 10 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फरीदाबाद के सेक्टर 55 बल्लभगढ़ निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें खेती के लिए जमीन की तलाश थी। वह इरफान व दिलशाद निवासी बजीदपुर तहसील नकुड़ जिला सहारनपुर को पहले से जानते थे। ये दोनों उनके जानकार कई लोगों को पहले जमीन दिलवा चुके हैं। इरफान व दिलशाद ने उन्हें जमीन दिलाने की बात कहते हुए अपने रिशतेदार बताकर कुछ लोगों से मिलवाया। उन्हें यमुना के साथ लगते गांव कुंडा में जमीन के कागजात भी दिखाए। यह भूमि भौगोलिक तौर पर कुंजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बताई गई। जमीन खरीदने का सौदा तय करवाने पर उन्होंने 15 नवंबर 2019 को 50 हजार रुपये बतौर पेशगी दे दिए। इसके बाद 28 नवंबर को करनाल कोर्ट में उन्होंने 15 लाख रुपये और देकर दोनों पक्षों की सहमति से जमीन का इकरारनामा लिखवाया। इसमें जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए 26 मई 2020 का दिन मुकर्रर कर दिया गया। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाई गई।
इस पर शक हुआ तो उन्होंने जमीन की जांच-पड़ताल करवाई तो कागजात फर्जी मिले। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने प्रदीप कुमार की शिकायत पर लियाकत, अख्तर, सत्तार ,गफ्फार, शकील, वकील, मुन्नी , यासीन, जमशेद व यामीन निवासी गांव कुंडा तहसील नकुड़ तथा इरफान एवं दिलशाद वासी गांव बजीदपुर तहसील नकुड़ जिला सहारनपुर यूपी के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश रचने एवं धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।