करनाल। जेडी यूनिवर्सल इंफरा लि. कारपोरेट के डायरेक्टर राजकुमार को सदर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश करेगी। बता दें कि फूसगढ़ निवासी चरण सिंह की शिकायत पर कुछ दिन पहले ही सदर थाना पुलिस ने राजकुमार, विरेन्द्र राजपाल, सुनैना राजपाल, सोनिया गोयल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। इस मामले में मंगलवार को सदर थाना पुलिस ने आरोपी जेडी यूनिवर्सल लि. कारपोरेट के डायरेक्टर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। राजकुमार पर आरोप है, उसने मालिक न होते हुए भी चरण सिंह की जमीन बेच दी और उसकी रजिस्ट्री तक करा दी। सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा, अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।