14 साल से कर रहे हैं शिकायत, मंत्री बोले, इसका मतलब विभाग सोया हुआ है
करनाल। पंचायत भवन में हुई जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंत्री नायब सैनी के सामने भैणी खुर्द वासी बलबीर सिंह के मामले में उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि नहरी खाल के माध्यम से उनके खेतों में जो पानी आता था, अब वह नहीं आता, बल्कि नहरी खाल को बंद करके उस पर नाजायज कब्जा कर लिया है, इस बारे में वह सिंचाई विभाग के अधिकारियों व पंचायती राज के अधिकारियों को 2004 से अब तक लिख रहे हैं। किसी ने भी कोई कार्यवाही नहीं की। इसके कारण उनकी करीब 110 एकड़ भूमि नहरी पानी से वंचित हो गई है। यह सुनते ही मंत्री ने कहा कि 14 साल से शिकायत कर रहे हैं तो इसका मतलब विभाग सोया हुआ है। मंत्री ने डीसी डॉ. आदित्य दहिया को कहा कि पहले तो यह देखा जाए कि 14 साल तक जो शिकायतें दी गई, उन पर कितना अमल हुआ, यदि नहीं हुआ तो कारण बताया जाए और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके लिए उन्होंने तहसीलदार नीलोखेड़ी, बीडीपीओ व अधीक्षक अभियंता सिंचाई विभाग व जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य जनक पोपली की संयुक्त कमेटी बनाई जो कि इस मामले की जांच करके अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
पांच गांवों के लोगों की फर्जी एफडी करने का मामला भी पहुंचा बैठक में, डीएसपी को सौंपी जांच
मंजूरा, हथलाना, बजीदा रोडान इत्यादि गांव के हुकुम सिंह, नरेश कुमार की शिकायत थी कि डाकघर मंजूरा में उन्होंने एफडी करवाई थी। डाकघर में कार्यरत बीपीएम पाला राम ने डाकघर के अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर दो करोड़ रुपये की फर्जी एफडी कर दी और पाला राम ने आत्महत्या कर ली। मंत्री ने संज्ञान लेते हुए कहा कि यह बहुत बड़ा रैकेट है। उन्होंने असंध के डीएसपी को निर्देश दिये कि इसकी गहनता से जांच करे,जो भी इसमें सम्मलित पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही करें और शिकायतकर्ता को न्याय दिलाया जाए। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस तरह के गबन करनाल में ओर भी कई डाकघर में हो चुके हैं।
मंत्री बोले, डीईओ मैडम यदि आपने शिकायतकर्ता से पहले किसी को एलटीसी दी है तो आपके खिलाफ होगी कार्रवाई
अध्यापक राजकुमार द्वारा समय पर एलटीसी देने में लापरवाही करने की शिकायत पर मंत्री ने एसडीएम करनाल की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिये और कहा कि यदि शिकायतकर्ता से पहले किसी को एलटीसी दी हुई है तो आपके खिलाफ कार्रवाई होगी। डीईओ सरोज बाला ने कहा कि एलटीसी लेने के लिए अध्यापक ने बीमारी का बहाना बनाया हुआ है, रूल के हिसाब से उसे नहीं दे सकते।
बाक्स
मंत्री ने निपटाया मामला, शिकायतकर्ता नहीं हुए संतुष्ट
गोंदर वासी सुरेश कुमार द्वारा कि गई शिकायत बिजली के ट्रांसफार्मर जमीन पर रखा था, उसके करंट से उनका भाई रघबीर की मृत्यु हो गई थी। यह मामला तीसरी बैठक में मंत्री ने निपटा दिया। इस मामले में मंत्री पिछली बैठक में बिजली कर्मचारी को सस्पेंड करने की बात पर बैकफुट पर आए थे, लेकिन शिकायतकर्ता सुरेश का कहना है कि उन्हें न्याय नहीं मिला है वे डेढ़ साल से धक्के खा रहे हैं वे दोबारा इस मामले की जांच कराएंगे। बिजली निगम के अधिकारियों ने दबाव में दो व्यक्तियों के ब्यान लिए हैं। इस मामले में बिजली निगम के अधिकारी ने बताया कि इस मामले में लाइनमैन, जेई को सस्पेंड किया हुआ है और एसडीओ को चार्जशीट कर दिया है। मंत्री ने उपायुक्त को निर्देश दिये कि शिकायतकर्ता गरीब है, उसकी मुआवजा दिलाने के लिए पूरी रिपोर्ट बनाई जाए, ताकि सीएम रिलीफ फंड से आर्थिक सहयोग मिल सके। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिये कि महिला सहित उसके बच्चों की पेंशन शीघ्र बनवाना सुनिश्चित करें।