अमित के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग, एसपी से मिले परिजन
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
वाल्मीकि संघर्ष समिति ने बीते दिनों हुई युवक अमित की हत्या के आरोपी लोगों की गिरफ्तारी की मांग की है। शुक्रवार को समिति के जिला अध्यक्ष कृष्ण परोचा के नेतृत्व में वाल्मीकि समाज के सैकड़ों लोग और युवक के परिजन एसपी से मिले। एसपी जेएस रंधावा ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अमित के परिवार ने आरोपियों से जान को खतरा बताते हुए एसपी से गन लाइसेंस बनवाने की मांग भी की। इस दौरान जिला अध्यक्ष कृष्ण परोचा ने कहा कि पुलिस प्रशासन अमित के परिवार के लोगों के साथ इंसाफ करे। जल्द से जल्द आरोपी लोगों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को अमित की हत्या की गई थी, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। इससे परिवार और वाल्मीकि समाज के लोगों में रोष है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि संघर्ष समिति का गठन वाल्मीकि समाज के हितों के लिए किया गया है। किसी भी सूरत में वाल्मीकि
समाज के लोगों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। वाल्मीकि संघर्ष समिति हर कदम पर अमित के परिवार के लोगों के साथ खड़ी है। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अशोक शामगढ़, बबली, राजा, निक्कू, राजेंद्र, राजबीर, राजू, संजय, रिंकू, हैप्पी, चंदेल, विकास, राम कुमार, रोश, नफा और ऋषिपाल रिंडल मुख्य तौर पर मौजूद रहे।