ग्रामीणों ने जगमग योजना का किया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
जुंडला।
प्रदेश सरकार की जगमग योजना को लेकर निसिंग में किए जाने वाले विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए गांव पिचौलिया के शिव मंदिर में सैकड़ों ग्रामीणों ने पंचायत का आयोजन किया। ग्रामीणों ने पंचायत में पहुंच कर जगमग योजना का विरोध करते हुए बिजली निगम के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। पंचायत की अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन के जिला के पूर्व उपाध्यक्ष पंडित पूर्णचंद शर्मा ने की। भाकियू विकास खंड निसिंग इकाई के महासचिव सुरेश शर्मा ने कहा कि जगमग योजना को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। चाहे इसके लिए कोई भी कुर्बानी देनी पड़े। उन्होंने कहा कि जिन गांव में यह योजना लागू की गई है। उन गांव के लोग माथा पीट रहे हैं, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से मौजूदा समय में यह योजना सही नहीं है। ग्रामीणों ने इस मौके पर हाथ उठाकर प्रदर्शन में शामिल होने का एलान किया। सुरेश शर्मा ने कहा कि मंगलवार को होने वाले इस प्रदर्शन में गांव पिचौलिया से काफी संख्या में किसान मजदूर भाग लेंगे। इस अवसर पर भाकियू प्रधान रामफल शर्मा, किसान नेता नारायण दत्त, जय सिंह फौजी, विनोद शर्मा, महा सिंह, सुरेंद्र चौधरी, जियालाल, बाबूराम, छोटाराम, जगदीश सिंह, अनिल शर्मा, रामपाल प्रधान, टेकचंद सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।