माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। सीटीएम मोनिका शर्मा ने समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। आयोजित शिविर में कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें करनाल मंडल से 4, नीलोखेड़ी उपमंडल से 3, इंद्री से 2, घरौंडा से 1 और असंध उपमंडल से 4 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर किसी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
सीटीएम ने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक इन समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यालय में गंजोगढ़ी के सतपाल शर्मा पंचायत विभाग से संबंधित समस्या लेकर पहुंचे, जबकि घरौंडा के राजेश कुमार और नरूखेड़ी के सतबीर सिंह बीडीपीओ से जुड़े मामलों को लेकर आए। राजिंद्र सिंह एचएसवीपी से संबंधित समस्या लेकर पहुंचे।
नीलोखेड़ी उपमंडल में राशिद और बाबूराम पीपीपी में आयु सत्यापन और सुखा सिंह आयु व अकाउंट नंबर सत्यापन के लिए पहुंचे। इंद्री में रामनिवास जन्मतिथि सुधार और बलकार सिंह किसान सम्मान निधि भुगतान की समस्या लेकर आए।
घरौंडा में मनकीत सिंह बिजली से संबंधित समस्या लेकर पहुंचे। वहीं असंध उपमंडल में कामो पीपीपी में आय सुधार, सुखा सिंह वाहन एंट्री हटवाने, कलीराम बीडीपीओ मूनक से भुगतान समस्या तथा प्रिया पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत लेकर पहुंचीं।
-
इंद्री में पहुंची दो शिकायतें
एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता ने समाधान शिविर में समस्याएं सुनीं। 2 शिकायतें प्राप्त हुईं। मौके पर किसी का समाधान नहीं हुआ।
-
असंध में चार शिकायतें पहुंचीं
एसडीएम कार्यालय में सोमवार को शिविर की अध्यक्षता एसडीएम सुमित सिहाग ने की। 4 शिकायतें पहुंचीं। मौके पर किसी समस्या का समाधान नहीं हुआ।