अमर उजाला ब्यूरो
असंध (करनाल)। गांव राहड़ा के ग्रामीणों ने गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हो रहे सर्वे में भ्रष्टाचार होने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सचिव व अन्य अधिकारी मिलीभगत करके बिना किसी व्यक्ति के घर जाए ही अपनी सर्वे की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने खंड एवं ग्राम पंचायत अधिकारी को भी शिकायत दी थी व सर्वे किसी अन्य ग्राम सचिव से करवाने की मांग की थी। कार्रवाई करते हुए खंड एवं ग्राम पंचायत अधिकारी ने तुरंत दूसरे ग्राम सचिवों की ड्यूटी लगा दी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पहले वाला ग्राम सचिव अभी भी इस सर्वे में दखलंदाजी कर रहा है।
ये पूरा मामला
ग्रामीण रामफल पंच, कर्मबीर, रमेश, सोनू, मनोज, राहुल, बलदेवी व कृष्णा का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके गांव में सर्वे करवाया जा रहा है। जो 30 नवंबर तक करवाया जाना था लेकिन गांव में यह सर्वे देरी से शुरू करवाया गया। जब ये सर्वे शुरू हुए तो ग्राम सचिव ने बिना गांव में आए ही अपनी सर्वे की रिपोर्ट गांव के कुछ लोगों के साथ मिली भगत करके बनानी शुरू कर दी। ग्राम सचिव अगर गांव में आया तो केवल एक जगह बैठ कर चला गया, किसी के घर जाए बिना ही रिपोर्ट बनाने लगा। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का ही एक पूर्व पंच सर्वे करने वाले अधिकारियों से मिला हुआ है वह सर्वे में नाम लिखवाने और काम करवाने के नाम पर ग्रामीणों से 20-20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ग्राम सचिव के खिलाफ खंड एवं ग्राम पंचायत अधिकारी को शिकायत भी दे रखी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले की जांच के लिए वह असंध के बीडीपीओ कार्यालय में लगने वाले विधायक बख्शीश सिंह व एसडीएम अनुराग ढालिया के खुले दरबार में पेश होंगे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।
सर्वे लिस्ट में गलत नाम लिखने के कारण हो रहा विवाद
बीडीपीओ नरेश कुमार का कहना है कि इस मामले में सर्वे को लेकर ग्राम सचिव पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं वो सब गलत और निराधार हैं। इस योजना के तहत एक हजार नाम आए हैं जिसको लेकर सात ग्राम सचिवों की ड्यूटी लगाई गई है। ग्राम पंचायत के कुछ पंच सर्वे में गलत नाम लिखवाना चाहते हैं लेकिन अधिकारी गलत नाम नहीं लिख रहे हैं जिस कारण अधिकारियों पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। अधिकारी किसी ग्रामीण से न कोई रिश्वत मांग रहे हैं ओर न ही एक जगह बैठ कर रिपोर्ट बना रहे हैं। सभी अधिकारी घर घर जाकर सही काम कर रहे हैं।