अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रथम चरण में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मेडिकल विश्वविद्यालय कुटेल में सितंबर 2018 तक फिजियोथैरेपी और नर्सिंग की कक्षाएं आरंभ होंगी। साथ ही मेडिकल विश्वविद्यालय में बच्चों की सुविधा के लिए शीघ्र ही हॉस्टल, मेडिकल विश्वविद्यालय की चार दीवारी तथा जीटी रोड तक का रास्ता बनाया जाएगा। इस मेडिकल विश्वविद्यालय में अन्य संस्थानों से बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज बुधवार को कुटेल गांव में बन रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए आए थे। उन्होंने मेडिकल विश्वविद्यालय में बनाए जा रहे फिजियोथैरेपी व नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्य की विस्तार से जानकारी ली। इस कॉलेज का निर्माण कार्य एचपीएल (हिन्दुस्तान प्रैफेब लिमिटेड) द्वारा किया जा रहा है। कंपनी के इंजीनियर ऋषभ दुबे ने बताया कि फिजियोथैरेपी और नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य जोरों पर है, आने वाले 15 दिनों में बिल्डिंग का स्ट्रक्चर खड़ा कर दिया जाएगा और संभवत: सितंबर 2018 तक इन दोनों बिल्डिंगों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण, एसडीएम घरौंडा इमरान रजा, कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के कार्यकारी निदेशक डॉ. हिमांशु मदान, सीएमओ डॉ. अश्विनी आहूजा, डॉ. पीयूष शर्मा, अधीक्षक सुमेर सैनी, एचपीएल कंपनी के निदेशक ऋषभ दुबे, कुटेल के सरपंच संदीप कल्याण, बसताड़ा के सरपंच मेवा सिंह टूर्ण, मंडल अध्यक्ष गुलाब कश्यप व रविन्द्र त्यागी, शुगर मिल के निदेशक पवन कल्याण, मार्केट कमेटी के चेयरमैन रमेश बैरागी सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
फिजियोथैरेपी और नर्सिंग कॉलेज की बिल्डिंग पर खर्च होंगे 200 करोड़ : विज
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मीडियाकर्मियों को बताया कि पहले चरण में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल विश्वविद्यालय में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से फिजियोथैरेपी और नर्सिंग कक्षाओं के लिए बिल्डिंग बनाई जा रही है। यह बिल्डिंग निर्धारित समय से पहले बनकर तैयार हो जाएगी और सितंबर में कक्षाएं लगनी आरंभ होंगी। विज ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल विश्वविद्यालय आधुनिक तरीके से बनाई जा रही है। इस बिल्डिंग का स्ट्रक्चर दूसरी जगह तैयार हो रहा है और उसे यहां लाकर खड़ा किया जाएगा, जिससे कम समय में ही बिल्डिंग तैयार हो सकेगी। विज ने कहा कि जीटी रोड से मेडिकल विश्वविद्यालय तक चौड़ा रास्ता बनाया जाएगा इसके लिए 70 प्रतिशत किसानों ने हां कर दी है और शीघ्र इस नेक कार्य के लिए सभी को मना लिया जाएगा।
प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को शीघ्र किया जाएगा दूर, होगी नई भर्ती
स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए कहा कि हरियाणा में पहली बार हुआ है कि 525 डॉक्टरों की भर्ती में से 523 ने ज्वाइन किया हो। शीघ्र ही प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए 350 डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों के जवाब में कहा कि अगले पांच साल भी प्रदेश में भाजपा की सरकार होगी और मनोहर लाल प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस अलग-अलग दलों में बटी है, उनका प्रदेश में कोई जनाधार नहीं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपनी रथ यात्रा अपनी पार्टी के प्रतिद्वंद्वियों के डर से सांस ले-ले कर रहे हैं। पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर में कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा खिलाड़ियों के हित में कई फैसले लिए हैं और ऐसे कई नियमों को सरकार ने लागू किया है जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ा है, इसके अलावा प्रदेश में खेल नीति को भी प्रभावी बनाया जा रहा है।