बैठने की जगह को लेकर चाकुओं से गोदकर एक युवक की हत्या, दो गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। शहर की क्लब मार्केट में सुबह आपसी कहासुनी को लेकर बाप बेटों ने एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। जबकि बीच बचाव करने के लिए आए दो भाई भी चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया। जहां घायलों को इलाज चल रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। जबकि दो तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुरूवार अल सुबह करीब साढ़े पांच बजे अखबार बांटने वाला हॉकर सुभम (18) वासी गली नंबर शिव कालोनी क्लब मार्केट में अखबार लेने के लिए आया था। इसी दौरान, वहां अन्य आरोपी हॉकर बलदेव और उसका बेटा कर्ण भी वहीं मौजूद थे। आरोपियों की सुभम के साथ बैठने की जगह को लेकर आपसी कहासुनी हो गई। बाद में दोनों पक्षों में आपसी मारपीट हो गई। मारपीट में आरोपी बलदेव और उसके बेटे कर्ण ने शुभम पर चाकुओं से वार करना शुरू कर दिया। वहीं मार्केट में मौजूद अन्य हॉकर भी वारदात को देखते रहे। जब बात ज्यादा बढ़ गई तो बीच बचाव करने के लिए हॉकर अजय और विजय आए तो आरोपियों ने इन पर भी चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया। जहां इलाज के दौरान शुभम ने दम तोड़ दिया। जबकि घायल अजय और विजय दोनों भाईयों का इलाज फिलहाल मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डीएसपी राजकुमार व थाना प्रभारी मोहन लाल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। वहीं एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। वहीं पुलिस ने दोनों आरोपियों बलदेव और उसके पुत्र कर्ण को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो माह पहले हुई थी पिता की मौत, शुभम चलाता था परिवार का गुजारा
मृतक के चचेरे भाई अरूण ने बताया कि शुभम का पिता दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था। दो माह पूर्व शुभम के पिता की भी मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेवारी शुभम पर थी। शुभम करीब दो साल से घर का खर्च चलाने व अपनी पढ़ाई के साथ साथ पार्ट टाईम हॉकर का काम कर करता था। शुभम तीन बहनों को इकलौता भाई था। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। अब उसके परिवार में केवल उसकी माता है। बेटे की मौत की सूचना सुनकर मां और आसपास के लोगों का बुरा हाल है।
युवक पर चलते रहे चाकू, देखते रहे लोग
अलसुबह मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। जब आरोपी बाप बेटा युवक पर चाकुओं पर हमला कर रहे थे तो वहां मौजूद 200 के करीब लोग खड़े देखते रहे। लेकिन किसी ने भी बीच बचाव करने की नहीं सोची। बाद में हिम्मत दिखाकर जब अजय और विजय ने बीच बचाव किया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया और दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
अमर उजाला ने जताया शोक
क्लब मार्केट में हुई शुभम की मौत पर समाचार पत्र विक्रेताओं, एजेंट व अमर उजाला परिवार ने शोक जताया। इस दौरान सभी सदस्यों ने दुख की इस घड़ी में मृतक के परिवार के लिए भगवान से प्रार्थना की। साथ ही दुआ कि भगवान मृतक को अपने चरणों में स्थान दे। सभी सदस्यों ने समाचार पत्र विक्रेता की मौत पर दो मिनट का मौन रखा।
क्ल्ब मार्केट में चाकू से गोदकर युवक शुभम की हत्या के आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्षों में बैठने की जगह को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। बाद में युवक पर चाकू से हमला कर बाप बेटे ने हत्या कर दी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-मोहन लाल, सिविल लाइन थाना प्रभारी, करनाल