अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा। सामाजिक संस्था समाज कल्याण दल ने उपप्रधान अरुण कुमार को संस्था से निष्कासित कर दिया गया है। यह फैसला संस्था की मुख्य कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। उपप्रधान पर संस्था विरोधी गतिविधियों व संस्था से धोखाधड़ी व धमकी देने के आरोप है। गुरुवार को समाज कल्याण दल के खंड सचिव कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्याम सुंदर धीमान ने की। बैठक में समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में सर्वसम्मति से संस्था के उपप्रधान अरुण कुमार को संस्था से निष्कासित किया गया। प्रदेशाध्यक्ष श्याम सुंदर धीमान ने आरोप लगाया कि संस्था ने अरुण कुमार को उपप्रधान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने न तो अपना फर्ज निभाया और न ही संस्था की राशि लौटाई। वह संस्था के पदाधिकारियों को भी धमकी देता रहा। उन्होंने बताया कि संस्था की राशि व अन्य सामान वापस लेने के लिए कानूनी कार्रवाई करने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है। इस मौके पर सचिव अशोक गाबा, सुभाषचंद्र, कृष्णलाल, सचिन कुमार, हरदेव सिंह, कृष्ण धीमान, विनोद कुमार, बलराज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।