अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी स्कीम (मनरेगा) के तहत किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए एडीसी ने वीरवार को सभी बीडीपीओ, एबीपीओ एवं मनरेगा के लेखा सहायकों के साथ बैठक की। जिसमें एडीसी निशांत कुमार यादव ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा के तहत जॉब-कॉर्ड वेरिफिकेशन के कार्य को ग्राम स्तर के उद्यमियों की सहायता से शत-प्रतिशत पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत लगाए जा रहे कैंप में मजदूरों के खाते आधार से ज्यादा लिंक करवाएं। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी एबीपीओ को निर्देश कि कैंप के दौरान मजदूरों द्वारा दिए जाने वाले सहमति पत्र को जिला कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें ताकि उसको एनपीसीआई पोर्टल पर अग्रणी बैंक प्रबंधन के माध्यम से करवाया जा सके। बैठक के दौरान एडीसी ने सभी एबीपीओ से खंड अनुसार कैंप के दौरान आधार से लिंक हुए मजदूरों के खातों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मजदूरों के खाते आगामी 10 सितंबर से पहले-पहले 100 प्रतिशत आधार से लिंक हो जाने चाहिए, ताकि मजदूरों को दी जाने वाले मजदूरी का भुगतान समय पर हो सके।