करनाल। एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत अभी दूर नहीं हो रही है। एजेंसियों में बुकिंग का दबाव बढ़ता जा रहा है। शहर की भगवाड़िया गैस एजेंसी में सोमवार को करीब 1300 सिलिंडरों की बुकिंग हुई लेकिन गाड़ी न आने पर महज 46 सिलिंडरों की ही आपूर्ति हो पाई। सिलिंडर नहीं मिलने से आक्रोशित महिलाएं एजेंसी के बंद शटर को उठाकर अंदर घुस गईं। काफी देर तक हंगामा होता रहा। एजेंसी संचालक सोमा भगवाड़िया ने पुलिस की तैनाती के लिए एसपी को पत्र लिखा है।
उनका कहना है कि शनिवार और रविवार को करीब 1500 सिलिंडरों की आपूर्ति दी गई थी। सोमवार को नई गाड़ी नहीं आई, इसलिए आपूर्ति नहीं दे पाए। उन्होंने बताया कि नियम के अनुसार, इंडियन ऑयल के बैंक खाते में कैश जमा कराना होता है, इसके बाद ही सिलिंडरों की गाड़ी आती है। शनिवार और रविवार को बैंक बंद होने के कारण कैश जमा नहीं हो पाया। अब मंगलवार को गाड़ी आने पर आपूर्ति दी जाएगी। उनका कहना है कि दो दिन से हालात सामान्य थे। सोमवार को एजेंसी पर पूरा दिन पर्ची कटवाने वाले और नई बुकिंग के लिए लाइन लगी रही।
इधर, डीएफएससी मुकेश कुमार का कहना है कि जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है। सभी अधिकृत गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर नियमित रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उनका कहना है कि राज्य स्तर पर रिफिलिंग की दर उपभोक्ताओं को वितरित किए जा रहे सिलिंडरों की संख्या से अधिक है। ब्यूरो