करनाल। लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारियां कर ली हैं। 12 मई को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराने के लिए पैरामिलिट्री फोर्स आरपीएफ के 333 जवान शहर में पहुंच गए हैं। वहीं दूसरी ओर जिला पुलिस से अलग करीब 1100 पुलिस के अतिरिक्त जवान भी चुनाव को लेकर जिले में तैनात रहेंगे। इनमें महिला पुलिस कर्मचारियों की संख्या करीब 150 है। जिला पुलिस ने पैरामिलिट्री फोर्स के साथ अलग-अलग जगहों पर फ्लैग मार्च निकाला है तो वहीं इन जवानों की तैनाती भी कर दी है। जिले में लगे पुलिस के नाकों पर भी पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात कर दिए हैं।
46 पेट्रोलिंग पार्टी करेंगे पेट्रोलिंग
एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक डीएसपी इंचार्ज के रूप में लगाया गया है, जिनके साथ एक-एक निरीक्षक सहायक इंचार्ज के रूप में तैनात किया गया है। जिले में 46 पेट्रोलिंग पार्टियां हैं और 46 ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट हैं। इससे अलग जिले में 28 स्थानों पर नाकाबंदी की गई है।
संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों पर रहेंगे सात पुलिस कर्मचारी तैनात
करनाल जिले में 1141 बूथ बनाए गए हैं। इनमें से 82 बूथ अतिसंवेदनशील और संवेदनशील हैं। हर बूथ पर दो पुलिस कर्मचारी तैनात रहेगा। वहीं अतिसंवेदनशील व संवेदनशील बूथों पर पांच अतिरिक्त पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। उनमें से एक पुलिस अधिकारी होगा।
लोकसभा चुनाव 12 मई को है। चुनाव को शांतिपूूर्ण ढंग से कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल व पैरामिलिट्री फोर्स आ गई है। लोगों की सुरक्षा के लिए जिले के चारों ओर नाकाबंदी भी की हुई है। पुलिस नाकों पर चेकिंग की जा रही है। जिला वासियों की सुरक्षा के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
-सुरेंद्र सिंह भौरिया, एसपी करनाल।