करनाल। पिंगली चौक के समीप चल रहे रामकिशन के क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा, जहां रामकिशन पर डॉक्टर की कोई भी डिग्री नहीं पाई गई। इस लिए बिना डिग्री के अंग्रेजी दवाइयों से प्रैक्टिस कर आम जनता की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर धोखा देने के आरोप में डिप्टी सीएमओ ने पुलिस को शिकायत दे दी और पुलिस ने शिकायत के आधार पर इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में डिप्टी सीएमओ डॉ. कृष्ण कांत ने बताया कि 3 नवंबर को उन्हें सीएम विंडो की शिकायत मिली थी। जिसकी जांच के लिए उनके नेतृत्व में, मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुमन, जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी सुनील दहिया की टीम गुरुनानक पुरा पिंगली चौक पर रामकिशन के क्लीनिक पर जाकर जांच की। जहां पर रामकिशन क्लीनिक चला रहा था। उससे डॉक्टरी का प्रमाण पत्र मांगा तो उसके पास कोई डॉक्टर का प्रमाण पत्र नहीं मिला। रामकिशन अपने क्लीनिक पर अंग्रेजी दवाइयों का भी प्रयोग कर रहा था। ऐसे में क्लीनिक से 19 प्रकार की अंग्रेजी दवाइयों कब्जे में ले ली हैं और पुरा रिकार्ड भी अपने कब्जे में ले लिया है।