सरेबाजार प्रोफेसर को चकमा देकर एक लाख के जेवर चुरा भागा बदमाश, ट्रैफिक पुलिस का जवाब, बदमाश पकड़ा हमारा काम नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। अगर आप शहर में खरीददारी के लिए आ रहे हैं तो सावधान। आजकल शहर में शातिर ठगों और चोर सक्रिय हैं। सुरक्षा के नाम पर अपने आसपास खाकी धारियों को देखकर इतने बेफिक्र भी न हों, कि कोई बदमाश अगर आपके साथ वारदात करेगा तो पुलिस उसको पकड़ेगी। ट्रैफिक पुलिस का जवाब होगा, बदमाश पकड़ना हमारा काम नहीं, हम यातायात संभालते हैं। इसके अलावा, आप 100 नंबर पर फोन करेंगे तो वहां भी इतना आसान नहीं कि आपका फोन सुन लिया जाए। पुलिस तब आएगी जब बदमाश आसानी से भाग चुका होगा। कुछ इसी प्रकार की एक सनसनीखेज वारदात पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय कालेज के प्रोफेसर राजेंद्र के साथ हुई। बदमाश युवक चकमा देकर एक लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गया। प्रोफेसर ने 100 मीटर दूरी पर स्थित ट्रैफिक पुलिस को वारदात की बात बताई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, बाद में 100 नंबर भी किसी ने फोन नहीं सुना। सिटी थाना पुलिस के ठाठ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता कि वो वारदात के डेढ़ घंटे के बाद घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद अपने पुराने अंदाज में कौन था, कैसे था, यहां पर आप क्या कर रहे थे और पुलिस कार्यवाही शुरू। बदमाश कब पकड़ा जाएगा, पुलिस के पास कोई जवाब नहीं। शहरवासी अगर बाजार में जाएं तो चोर और ठगों से सावधान रहें और पूरी तरह से अलर्ट रहें, ताकि कोई ठगी न कर सके।
दस सेकेंड में ले गया एक लाख का जेवर
इंद्रा चक्रवर्ती ग्राम क्षेत्र निवासी प्रोफेसर राजेंद्र अपने परिवार के सदस्यों के साथ बाजार में बेटी की शादी के लिए शॉपिंग करने आया था। आगामी 20 फरवीर को उसकी बेटी की शादी है। परिवार के सदस्यों ने ओपीएस ज्वैलर्स से बेटी के लिए करीब एक लाख रुपये का हार का सैट लिया। इसके बाद महिलाएं बाजार में चली गई और जेवर का बैग प्रोफेसर को थमा गई। दोपहर को वह नेहरू पैलेस के सामने कार में अकेला बैठा हुआ था, जबकि कार की दूसरी सीट पर बेटी के शादी के लिए खरीदा हुआ सोने का सेट रखा हुआ था। इसी दौरान, वहां एक अज्ञात युवक आया और प्रोफेसर कहने लगा कि आपकी कार के बोनट से तेल टपक रहा है, जिससे गाड़ी में आग लग सकती है। युवक की बात सुनकर वह तुरंत गाड़ी से नीचे उतरा और बोनट के नीचे तेल चैक करने लगा। दस सेकेंड के चकमे में ही युवक गाड़ी की सीट से सोने का सेट चुराकर फरार हो गया। प्रोफेसर राजेंद्र सिंह ने गाड़ी चैक करने के बाद देखा तो गाड़ी से सोने का सैट और वह युवक वहां से गायब मिला। प्रोफेसर ने युवक की काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया।
100 नंबर फोन उठाया, डेढ़ घंटे बाद पुलिस पहुंची
पुलिस का 24 घंटे सेवा सुरक्षा सहयोग का दावा सीएम सिटी में ही फेल हो रहा है। न तो पुलिस हेल्पलाइन 100 नंबर उठाया जाता है और न ही पुलिस मौके पर पहुंच पाती है। पुलिस की इस ढील का फायदा उठाकर चोर वारदात स्थल से निकल जाते है। प्रो. राजेंद्र ने बताया कि वारदात के तुंरत बाद उन्होंने 100 नंबर पर फोन किया। जब पहली बार फोन किसी ने नहीं उठाया तो उसके बाद भी उन्होंने कई बार 100 नंबर पर फोन किया। फोन नहीं उठाया गया। बाद में जब वह नेहरू पैलेस के पास स्थित ट्रैफिक पुलिस चौकी में पहुंचा तो उसे जवाब मिला बदमाश पकड़ना हमारा काम नहीं है, हम तो केवल यातायात संभालते हैं, आप सिटी खाने जाईये। इसके बाद उन्होंने सिटी थाना पहुंचकर शिकायत दी। उसके करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पहले भी हो चुकी हैं कई वारदात
शहर में यह कोई भी पहली वारदात नहीं है। चार दिन पहले की बाजार में कर्ण गेट के समीप कैलाश हार्डवेयर की दुकान पर एक व्यक्ति ने दुकान मालिक महेंद्र को 2 हजार को नोट दिखाने के लिए कहा तो महेंद्र पर्स निकालकर उसे दो हजार का नोट दिखाने लगा। इस दौरान उस व्यक्ति ने महेंद्र को हिप्रोटाइज कर दिया और उसके पर्स से उसके सामने से 550 डालर लेकर चला गया। करीब दस मिनट बाद महेंद्र को पता चला की वह व्यक्ति उससे डालर लेकर चला गया है। वहीं पिछले सप्ताह बाजार में कर्ण गेट मार्केट में एक युवक सेक्टर 6 निवासी महिला पूनम का पर्स झपट फरार हो गया। पर्स में सोने की दो अंगूठी, एक सोने की चेन, 8500 रुपये व मोबाइल फोन था।
नेहरू पैलेस के पास से एक गाड़ी से चोर द्वारा सोने का सेट चुराने की शिकायत उनके पास आई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। घटनास्थल के आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
-राजबीर यादव, सिटी थाना प्रभारी, करनाल