112 घंटे बाद पटरी पर लौटी जिंदगी, नेट और बसे चलीं
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल/घरौंडा। सीबीआई कोर्ट ने दोषी बाबा गुरमीत राम रहीम को सजा के बाद 112 घंटे के बाद शहर व आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में जिंदगी पटरी पर लौटने लगी है। स्कूल-कॉलेज खुलने के साथ-साथ प्रदेश में बस, रेल व इंटरनेट सेवाएं भी बहाल हो चुकी है। इसके बाद लोग राहत की सांस महसूस कर रहे है। मंगलवार को सभी स्कूल और कॉलेज तो खुले, लेकिन विद्यार्थियों की संख्या कम रही। वहीं सड़कों पर रोडवेज का पहिया दौड़ने से पिछले चार दिनों से सुनसान पड़े बस स्टैंड पर भी काफी चहल पहल दिखाई दी। वहीं जिले में पूरी तरह से शांति का माहौल है। सुरक्षा को देखते हुए सीआरपीएफ सहित पुलिस के जवान नाकों पर तैनात है और गश्त भी जारी है। ताकि एक दो दिन तक कोई ऐसा उपद्रव न हो।
साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर फैसले के चलते पूरे प्रदेश में सुरक्षा की दृष्टि से रेल, बस, स्कूल-कॉलेजों को आगामी आदेशों तक बंद कर दिया गया था। इन दिनों में अन्य सरकारी दफतरों और अस्पतालों को खुला रखा गया था, लेकिन वहां भी काम के लिए लोग नहीं पहुंच रहे थे। साथ ही 24 अगस्त को ही प्रदेश में मोबाइल इंटरनेट सेवा पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था। क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार फ्लैग मार्च कर रहा था। 28 अगस्त को रोहतक की सुनारिया जेल में सीबीआई कोर्ट ने दोषी बाबा को सजा सुनाई। इसके बाद मंगलवार सुबह प्रतिबंधित सेवाओं को बहाल किया गया। सेवाएं बहाल होने से स्कूल, कॉलेज व सरकारी दफ्तरों में कामकाज सुचारू हुआ। बाजारों में काफी हलचल बढ़ी और सड़कों पर सरकारी बसें व प्राइवेट स्कूलों की बसें दौड़ती दिखाई दी। स्थानीय निवासी संदीप कुमार, राजेंद्र सिंह बसताड़ा, प्रवीन कुमार, प्रदीप कुमार सैनी, धर्मबीर सिंह, सतबीर कुमार, राममेहर, प्रवेश कुमार व मदन लाल आदि का कहना है कि बाबा के दोषी करार किए जाने पर पंजाब व हरियाणा में भड़की हिंसा से दहशत का माहौल पैदा हो गया था, लेकिन बाबा को सजा सुनाने के बाद स्थिति सामान्य है।
सोशल मीडिया पर छाये बाबा के मेसेज
जैसे ही मंगलवार को सभी कंपनियों द्वारा नेट को चालू किया गया तो व्हाटसएप्प और फेसबुक पर आरोपी बाबा के मजाकिया मेसेजों की लाइनें लग गई। नेट चलने को लेकर भी बाबा पर मेसेज बनाया गया। युवाओं ने दिनभर यह मेसेज भेजकर एक दूसरे को खूब गुदगुदाया। वहीं कई लोगों ने तो रामपाल, आशाराम और गुरमीत राम रहीम को एक साथ दिखाया और लिख दिया। खूब जमेगा रंग, जब मिल बैठेंगे तीन यार। वहीं सभी मेंसेजों में बाबा को जरूर जोड़ा गया। लोगों ने फेसबुक के माध्यम से भी मजाकिया स्टेटस अपडेट किए, जिसमें बाबा द्वारा किए गए गलत कार्यों पर कटाक्ष किया गया।
पांच दिन बाद शुरू हुई इंटरनेट सेवा
-मंगलवार को लगभग साढ़े 11 बजे मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई तो मोबाइल यूजरों ने राहत की सांस ली। पिछले पांच दिनों से बिना इंटरनेट के जीवन व्यतीत कर रहे युवाओं में एक नई ऊर्जा सी देखने को मिली। गली-चौराहों व कॉलेजों में युवा मोबाइल पर लगे दिखाई दिए। युवाओं की माने तो इंटरनेट के बिना टाइम पास होना बहुत ही मुश्किल है।
कुछ नाके हटाए, लेकिन जारी है निगरानी
शांति व्यवस्था के बाद पुलिस ने कुछ स्थानों से नाकेबंदी हटा ली है। लेकिन कुछ स्थानों पर अभी भी पुलिस तैनात है। पुलिस हर स्थिति पर अपनी नजर बनाए हुए है। जिलेभर में किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना ना हो, इसके लिए पुलिस गश्त कर रही है। एसपी जेएस रंधावा का कहना है कि फिलहाल अर्धसैनिक बल और पुलिस के जवान निरंतर गश्त करेंगे। पूरे प्रदेश में जब तक हालात समान्य नहीं हो जाते तब तक लोगों की हर एक्टिविटी पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि कहीं भी कोई भी संदिग्ध दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम में दें। ताकि कार्रवाई की जा सके।