करनाल। निसिंग की दर्शन काॅलोनी में मकान का दरवाजा तोड़कर चोर अलमारी से 12 तोले सोना, 2.35 लाख रुपये, 1600 कैनेडियन डॉलर सहित अन्य सामान ले गए। वारदात के समय परिवार के सभी सदस्य फतेहगढ़ साहिब धार्मिक यात्रा पर गए हुए थे। चोरी की वारदात पड़ोसियों के घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना के बाद निसिंग थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और मकान मालकिन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
निसिंग की दर्शन काॅलोनी निवासी जसबीर कौर ने बताया कि उनके परिवार के सभी सदस्य 25 दिसंबर की रात को करीब 2 बजे मकान पर ताला लगाकर फतेहगढ़ साहिब के लिए रवाना हुए थे। अगले दिन यानि 26 दिसंबर की सुबह करीब 11 बजे उनके पास पड़ोसी का फोन आया कि घर का दरवाजा टूटा है। उन्होंने अपने परिवार के अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद चकदा गांव निवासी रघबीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद मकान मालिक दोपहर करीब तीन बजे अपने घर पहुंचीं और जांच की।
वारदात सीसीटीवी में कैद
मकान मालकिन जसबीर कौर ने बताया कि जब अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली मिली। करीब 12 तोले सोने के जेवरात, 2.35 लाख रुपये की नकदी, करीब 1600 कैनेडियन डॉलर और लगभग 50 ग्राम चांदी गायब थी। पूरी वारदात पड़ोस के घर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। शिकायत के आधार पर निसिंग थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।