संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर की न्यू आनंद विहार काॅलोनी निवासी अकांउट अध्यापक सुमित कुमार और उनके दोस्त राहुल शर्मा से उनके पड़ोसी एजेंट संतलाल ने 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। आरोपी ने कागजात और रुपये लेकर एयरपोर्ट पर बुला लिया। लेकिन अपना फोन बंद कर लिया। इसके बाद सख्ती होने की बात कहते हुए दोबारा वीजा लगवाने का आश्वासन दिया। लेकिन आज तक वीजा नहीं लगा। अब पीड़ित पक्ष अपने रुपये वापस मांगता है तो आरोपी दोनों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी संतलाल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
न्यू आनंद विहार के गली नंबर छह निवासी सुमित कुमार ने बताया कि आरोपी संतलाल उनका पड़ोसी है। 26 अप्रैल 2025 को उनके दोस्त राहुल शर्मा ने उन्हें अपने भाई अभिषेक शर्मा को कनाडा भेजने की बात कही थी। उन्होंने दोस्त को आरोपी संत लाल से मिलवाया। आरोपी ने उन्हें बताया कि उसकी एम्बेसी में अच्छी पकड़ है और वीजा अप्रूवल के पूरे चांस हैं। आरोपी ने दावा किया कि वह दो दिन में वीजा लगवा देगा। आरोपी ने कनाडा के वीजा के लिए 25 लाख रुपये मांगे। उसने शर्त रखी कि आधी रकम वीजा आने से पहले और बाकी रकम कनाडा पहुंचने के बाद देनी होगी।
आरोपी की बात सुनकर सुमित कुमार और उनके दोस्त राहुल शर्मा ने आरोपी को अभिषेक के शैक्षणिक दस्तावेज और पासपोर्ट जैसे जरूरी दस्तावेज सौंप दिए। आरोपी के कहने पर शिकायतकर्ता सुमित कुमार और राहुल शर्मा ने आढ़ती से 12 लाख रुपये ब्याज पर लिए। 9 अप्रैल 2025 को दोनों आरोपी के घर गए और 12 लाख रुपये नकद दिए। आरोपी ने इसके दो दिन बाद अभिषेक शर्मा को दिल्ली एयरपोर्ट बुलाया।
एयरपोर्ट पर कराया इंतजार
आरोपी ने कहा कि वीजा और पासपोर्ट उनके पास है। वो उन्हें एयरपोर्ट पर ही मिलेंगे। आरोपी की बात मानकर अभिषेक शर्मा के साथ तीन-चार लोग एयरपोर्ट पहुंचे। वहां करीब पांच घंटे तक इंतजार किया गया, लेकिन न तो आरोपी आया और न ही कोई टिकट या पासपोर्ट मिला। बार-बार फोन करने पर पहले आरोपी ने फोन नहीं उठाया और बाद में फोन बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी ने 18 मई 2025 को अभिषेक शर्मा को कनाडा भेज देने का आश्वासन दिया। लेकिन न तो वीजा लगा और न ही विदेश भेजा गया। अब रुपये मांगने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।