करनाल। दिल्ली, यूपी, हरियाणा व चेन्नई में सोने की चैन स्नेचिंग करने वाले गिरोह के सरगने को पुलिस की सीआईए-2 टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पुलिस ने आरोपी से मॉडल टॉउन में की गई स्नेचिंग में बरामदगी कर ली है। पुलिस का दावा है कि इस आरोपी ने 100 से ज्यादा चैन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दिया हुआ है।
सीआईए-2 इंचार्ज दीपक ने बताया कि चेन स्नेचिंग की वारदातों को खुलासा करने के लिए उन्होंने एएसआई सुरेंद्र की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया। टीम ने 6 मई को गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर स्नेचिंग गिरोह के सरगना आरोपी जयराम वासी खानपूर कलां थाना झींझाना यूपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश कर आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी से मॉडल टॉउन करनाल में घर के बाहर बैठी महिला से झपटी हुई सोने की चैन बरामद की गई। एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि आरोपी ने हरिद्वार रुड़की में भी करीब 20 स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है, जिनमें से 8 में वह गिरफ्तार भी हो चुका है। चेन्नई में भी वह कई मामलों में वांछित अपराधी है, जिनमें वह स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर भागने में कामयाब हो गया था, लेकिन उसके अन्य साथी वहीं गिरफ्तार हो गए थे। इन सब के अलावा भी आरोपी के बताए अनुसार दिल्ली, फरीदाबाद, मुज्जफरनगर, कुरुक्षेत्र, पानीपत में करीब 100 स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दे चुका है। करनाल वारदात के समय उसका साथ देने वाला उसका साथी आरोपी कुंदन वासी खानपूर कलां को कुछ दिन पहले ही सहारनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।