अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया के दौरान शुक्रवार को सामान्य पर्यवेक्षक अनुराग रस्तोगी (सिंचाई विभाग हरियाणा के प्रधान सचिव) करनाल रेंज के अतिरिक्त महानिदेशक नवदीप विर्क, जिला चुनाव अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, पुलिस अधीक्षक एसएस भौरिया की उपस्थिति में पोलिंग पार्टियों का रेंडमाइजेशन सम्पन्न किया गया। इससे पूर्व बीते 4 दिसंबर को पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारियों का रेंडमाइजेशन हुआ था। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान कार्यालय के एडीआईओ परमिंदर सिंह व डीआईओ महिपाल सीकरी ने सिस्टम में लगे एक सॉफ्टवेयर की मदद से रेंडमाइजेशन किया। इस प्रक्रिया के बाद कौन सी पोलिंग पार्टी किस बूथ पर जाएगी, यह डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 15 दिसंबर को होने वाली फाइनल रिहर्सल में पता चलेगा। इसी दिन सभी पार्टियों को मतदान किट भी वितरित की जाएगी। बता दें कि 16 दिसंबर को होने वाले करनाल नगर निगम चुनाव के 224 बूथों के लिए 269 पोलिंग पार्टियां रहेंगी। प्रत्येक पार्टी में 4 पोलिंग अधिकारी सम्मलित किए गए हैं। लेकिन ऐसे बूथ जहां वोटरों की संख्या 1300 से ज्यादा हैं। वहां पोलिंग पार्टी में 5 अधिकारी रखे गए हैं। ऐसे बूथों की संख्या 20 है। जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि पोलिंग पार्टी में शामिल कर्मचारी की ड्यूटी को लेकर इस बात का ध्यान रखा गया है कि वह संबंधित वार्ड का निवासी न हो। पार्टियों में भिन्न-भिन्न विभागों के कर्मचारी लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए 391 पीठासीन पदाधिकारी व 394 वैकल्पिक पीठासीन पदाधिकारी तथा 1831 पोलिंग ऑफिसर की ड्यूटी लगाई गई है।