अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। नगर निगम की वार्डबंदी की फाइनल नोटिफिकेशन जारी के बाद से अब करनाल की सियासत गरमा गई है। निगम वार्डों को आरक्षित व अनारक्षित करने को लेकर आंकड़ों से जोड़ घटा करने में जुट गया है। आंकड़ों के आधार पर ये साफ हो गया है कि वार्डबंदी का खुलकर विरोध करने वाले वार्ड नंबर 2 के पार्षद बलविंद्र सिंह का वार्ड आरक्षित होने से बच गया है, हालांकि, इससे पहले इस वार्ड को लगभग आरक्षित कर दिया गया था। सीएम तक विरोध पहुंचने के बाद आखिरकार दोबारा से ऑब्जेक्शन मांगे गए। तीसरी बार में वार्डबंदी फाइल की गई। इसके तहत अब वार्ड नंबर 1 और वार्ड नंबर 20 को एससी वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
बता दें कि वार्ड नंबर एक पिछली बार बीसी के लिए आरक्षित था और 20 से कांग्रेस के नेता जोगेंद्र सिंह चौहान पार्षद थे। ऐसे में इन दोनों को नए वार्ड तलाशने होंगे। नई वार्डबंदी के अनुसार, वार्ड नंबर 1, 6, 14 और वार्ड 16 को एससी वर्ग के लिए आरक्षित किया जाना है, जबकि वार्ड नंबर 17 व वार्ड नंबर 20 को बीसी वर्ग के लिए आरक्षित किया जाएगा।
वार्डबंदी के अनुसार, अभी नगर निगम की जनसंख्या 405546 है। इसमें सामान्य वर्ग के 215889, बीसी वर्ग के 110623 और एससी वर्ग के 79034 लोग शामिल हैं। नौ सदस्यीय कमेटी द्वारा जनसंख्या सर्वे को अप्रूव करते फाइल चंडीगढ़ भेजी गई थी तो उस समय शहर की जनसंख्या को 405486 दिखाया गया था। इसके बाद फिर से जनसंख्या में सुधार कर जनसंख्या 405586 किया गया। इसके बाद आपत्तियों पर सुनवाई हुई और शहर की फाइनल जनसंख्या 405546 रखा गया। इस दौरान कई बार वार्ड 2,5,7,8,10,11,13,14,16 और 17 वार्ड की जनसंख्या के आंकड़ों में भारी फेर बदल किया गया। इस बदलाव के कारण पहले जहां कुछ वार्ड रिजर्व होने जा रहे थे, वे बच गए। फिलहाल नई बार्डबंदी ने शहर की राजनीति को गरमा दिया है और पार्षद अपने लिए क्षेत्र तलाश रहे हैं।
सात वार्ड महिलाओं के लिए होंगे आरक्षित
पहले की तरह इस बार भी कुल 20 वार्डों में से 2 बीसी, 4 एससी और 7 वार्ड महिलाओं के लिए रिजर्व रखे जाएंगे, लेकिन रिजर्व होने वाले वार्ड अलग होंगे, क्योंकि वार्डबंदी के दौरान सभी वार्ड की जनसंख्या एक से दूसरे वार्ड में शिफ्ट हो चुकी है। पहले जहां वार्ड नंबर 1 और 6 को बीसी कैटगरी व वार्ड 14,16, 17 को एससी कैटेगरी के लिए रिजर्व रखा गया था। साथ ही महिलाओं के लिए पहले से आरक्षित वार्डों में भी फेरबदल हो सकता है।
नौ सदस्यीय कमेटी में ये होंगे शामिल
वार्डों को रिजर्व करने के लिए नौ सदस्यीय कमेटी की बैठक को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई है, निगम ईओ धीरज कुमार ने बताया कि निगम चुनाव जल्द होने की संभावना है, इसलिए इस कार्य में तेजी लाई जाएगी, कमेटी जल्द से जल्द बैठक करेगी। इस कमेटी में पूर्व मेयर, निगम कमिश्नर के अलावा पूर्व पार्षद व भाजपा के नेताओं को शामिल किया गया है। कमेटी निर्णय लेकर फाइल चंडीगढ़ भेजेगी, जहां से अप्रूवल मिलने के बाद वार्डों को आरक्षित होने की घोषणा की जाएगी।
वार्ड नंबर : सामान्य : बीसी : एससी : जनसंख्या
1 : 6458 - 9218 - 5985 - 21661
2 : 9998 - 6400 - 5653 - 22051
3 : 11639 - 4821 - 3973 - 20433
4 : 9926 - 5892 - 2492 - 18310
5 : 10133 - 7216 - 2841 - 20190
6 : 3449 - 7777 - 8416 - 19642
7 : 12012 - 5410 - 1973 - 19395
8 : 13945 - 3594 - 1946 - 19485
9 : 18054 - 1371 - 1009 - 20434
10 : 19495 - 1155 - 119 - 20769
11 : 11424 - 2747 - 4351 - 18522
12 : 15153 - 1775 - 2434 - 19362
13 : 11941 - 2659 - 5027 - 19627
14 : 8256 - 6255 - 5959 - 20470
15 : 14900 - 5946 - 978 - 21724
16 : 5180 - 5696 - 10333 - 21209
17 : 5932 - 10333 - 4512 - 20777
18 : 8120 - 7840 - 3883 - 19843
19 : 11611 - 5462 - 3039 - 20112
20 : 8263 - 9156 - 4111 - 21530