अमर उजाला ब्यूरो
तरावड़ी (करनाल)। हरियाणा के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने किसानों की खुशहाली के लिए खरीफ की फसलों पर एमएसपी में 50 प्रतिशत तक की वृद्धि करके एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री के इस निर्णय से प्रदेश के किसानों को केवल धान की फसल में ही 1200 करोड़ रुपये का लाभ होगा। यह किसानों के लिए आर्थिक आजादी का तोहफा है। धनखड़ ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि, हुड्डा जी हुन तुसी स्वामीनाथन रिपोर्ट ते केड़ी गल करदे हो, कांग्रेस दी हुड्डा कमेटी ने की कित्ता। धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा किसानों की मांगों को पूरा करने के लिए बनाई गई हुड्डा कमेटी की रिपोर्ट पर कार्यवाही ठंडे बस्ते में रखी गई, उस कमेटी को दीमक खा गई।
कृषि मंत्री वीरवार को तरावड़ी की अनाज मंडी में किसानों से रूबरू होते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल खरीफ फसलों के समर्थन मूल्यों में जो बढ़ोतरी की, उसकी चर्चा करते हुए कहा कि यह फैसला किसानों की आमदनी दोगुनी करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि तरावड़ी धान उत्पादन की राजधानी है, यहां के किसानों के लिए प्रधानमंत्री ने प्रति क्विंटल 200 रुपये धान का समर्थन मूल्य बढ़ाया है, इससे किसानों को प्रति एकड़ करीब 6000 रुपये अतिरिक्त लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि मूंग 1400 रुपये प्रति क्विंटल, बाजरा में 525 रुपये और ज्वार 730 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। इससे किसानों को प्रति एकड़ 5000 रुपये से 12000 रुपये तक अतिरिक्त फायदा मिलेगा। नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने अनाज मंडी परिसर में पहुंचे सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं, किसानों, व्यापारियों, पंचायती राज प्रतिनिधियों सहित कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ का स्वागत किया और प्रधानमंत्री के किसान हितैषी निर्णय पर उनका आभार प्रकट किया। इस मौके पर भाजपा नेता मास्टर अमर सिंह, हुकम सिंह राणा, जय भगवान सीकरी, संजय राणा, महिपाल राणा, देवेन्द्र कामरा, विक्रम सिंह, शीशपाल गर्ग, राधेश्याम गर्ग, पंकज गोयल, बालकिशन त्रिपाठी, नरेश बंसल, धर्मपाल, बजिन्द्र सहित सैकड़ों संख्या में व्यापारी व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
किसानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में किसान हितैषी सर छोटू राम की दिखने लगी झलक
कृषि मंत्री धनखड़ ने कहा कि पहले की सरकारें किसानों की फसल के दाम 5 से 20 रुपये तक बढ़ाती थी और जब चुनाव आ जाएं तो वे 50 से 70 रुपये तक बढ़ाती थी, परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फसलों के एमएसपी पर 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करके एक किसान हितैषी होने का प्रमाण दिया। उन्होंने कहा कि आज देश के किसानों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में सर छोटू राम की झलक दिखाई देने लगी है, जिन्होंने समर्पण भाव से किसानों के हितों की रक्षा के लिए विशेष कार्य किए हैं।