नशे की हालत में ढाई साल के बच्चे का किया अपहरण, एक घंटे बाद लोगों ने आरोपी दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा।
शहर के वार्ड नंबर नौ में मंगलवार दोपहर ढाई साल के मासूम का अपहरण हो गया। गनीमत रही कि करीब एक घंटे में लोगों ने आरोपी को दबोचते हुए बच्चे का सकुशल बरामद कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दुकानदार मन्नू गांधी के एकलौते ढाई वर्षीय बेटे अर्नव के अपहरण के आरोपी ने नशे की हालत में वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
जानकारी मुताबिक शहर के वार्ड नंबर-9 निवासी दुकानदार मन्नू गांधी का बेटा मंगलवार दोपहर घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान आरोपी ने बच्चे का अपहरण कर लिया। लेकिन लोगों ने अपहरणकर्ता को करीब एक घंटे बाद मंडी मनीराम के गेट पर ही दबोच लिया और बच्चा छीनकर परिजनों को सौंप दिया। साथ ही अपहरणकर्ता को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के वक्त मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दादी ज्ञानो देवी ने घर के बाहर आकर देखा तो बच्चा गायब था। बच्चे के गायब होने की सूचना आसपास पड़ोसियों को दी। बच्चे के गायब होने से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
इस दौरान मंडी मनीराम गेट के पास एक दुकानदार ने एक शख्स को देखा जो बच्चे को चद्दर में लपेटकर ले जा रहा था। दुकानदार को अपहरणकर्ता पर संदेह हुआ और उसने मंडी के गेट पर ही उसको दबोच लिया। मामले की भनक लगते ही आसपास के दुकानदार मौके पर एकत्रित हो गए और दुकानदारों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अर्नव के दादा हरिचंद ने बताया कि मंगलवार को उसकी पत्नी गली के बाहर सब्जी ले रही थी। जब वह सब्जी लेकर अंदर गई, तो पीछे-पीछे अर्नव अंदर आ गया था, लेकिन कुछ देर के बाद बच्चा बाहर चला गया और इसके बाद गायब हो गया। वहीं लोगों ने जैसे ही अपहरणकर्ता को मंडी मनीराम के गेट पर पकड़ा, उस समय अपहरणकर्ता नशे की हालत में था। जब लोगों और पुलिस ने उससे नाम, पता पूछा तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया।
शहर के वार्ड नौ से एक बच्चे के अपहरण होने की सूचना मिली थी। बच्चे को मंडी मनीराम से बरामद कर लिया है। अपहरणकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। आरोपी की मंशा जानने के लिए पूछताछ की जा रही है। -हरजिंद्र सिंह, थाना प्रभारी, घरौंडा।