तकसीम के लिए पटवारी व कानूनगो ने ली 15 हजार की रिश्वत, पीड़ित ने बनाई वीडियो
-एसपी के आदेश पर हुई जांच, कानूनगो गिरफ्तार, पटवारी की तलाश जारी
-आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया, पूछताछ जारी, पैसे लेते ही वीडियो वायरल
फोटो संख्या-34
अमर उजाला ब्यूरो
निसिंग। निसिंग स्थित उप तहसील में कार्यरत कानूनगो व पटवारी द्वारा किसान से रिश्वत लेने के मामले में पुलिस ने आरोपी कानूनगो को गिरफ्तार किया है। साथ ही पटवारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। यह सारी कार्रवाई पीड़ित किसान द्वारा कर्मचारियों को रिश्वत देने की बनाई गई वीडियो देखने के बाद की गई है। एसपी के आदेश के बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
गोंदर निवासी जगत सिंह ने पुलिस में दी अपनी शिकायत में बताया कि वह उप तहसील में अपनी जमीन की तकसीम लेने के लिए चक्कर काट रहा था। उप तहसील में कार्यरत कानूनगो मुकेश कुमार व पटवारी पवन कुमार ने इस कार्य के लिए रिश्वत की मांग की। इस कार्य करवाने के लिए हल्का पटवारी व कानूनगो को 15 हजार रुपये दे दिए, रिश्वत देते हुए दोनों कर्मचारियों की वीडियो बना ली। वीडियो बनाकर पीड़ित पक्ष ने यह वीडियो एसपी करनाल को दी। इसकी शिकायत एसपी करनाल ने निसिंग थाना पुलिस को दी गई। थाना पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर एसआई शेर सिंह राणा के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर आरोपी कानूनगो मुकेश कुमार को करनाल स्थित उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया, जबकि हलका पटवारी पवन कुमार फरार हो गया। एसआई शेर सिंह राणा ने बताया कि आरोपी कानूनगो को अदालत में पेश कर दिया गया है, जबकि पटवारी की तलाश जारी है। जल्द ही पटवारी पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस संबंध में डीएसपी असंध दलबीर सिंह का कहना है कि रिकवरी के लिए अदालत से कानूनगो मुकेश कुमार को एक दिन के लिए पुलिस ने रिमांड पर लिया गया है। जल्द ही दूसरा आरोपी पुलिस की गिरफ्त मेें होगा।