करनाल। हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच से संबंधित हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल वर्कर्ज यूनियन के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, सिंचाई व जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी के फील्ड कर्मचारियों ने अपना रोष जाहिर किया। केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर कर्ण पार्क स्थित मानव सेवा संघ के हाल में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला प्रधान बहादुर सिंह भोला ने की तथा कार्यवाही का संचालन जिला सचिव राजेश मदान ने किया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता यूनियन के राज्य प्रधान शिव कुमार पराशर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र के समान वेतन देने का विश्वास दिलवाया था, लेकिन प्रदेश की सरकार सातवें वेतन आयोग के तहत दिए गए वेतनमानों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के साथ खासतौर पर पक्षपात करके वेतन विसंगति पैदा कर दी गई। प्रदेश महासचिव पंकज मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश की सरकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, मेडिकल कैशलेस सुविधा लागू करने, निजीकरण को बंद करने, ठेकेदारी प्रथा पर रोक लगाने तथा पंजाब के समान वेतनमान लागू करने में आनाकानी कर रही है जिस कारण फील्ड के कर्मचारियों में अत्यंत रोष है। इस अवसर पर जिला प्रधान बहादुर सिंह भोला, जिला सचिव राजेश मदान, जिला कोषाध्यक्ष शेर सिंह मुबारकाबाद, जिला उपप्रधान रोशन लाल भौरिया, जिला प्रैस सचिव विनोद कुमार, जिला कार्यालय सचिव रूप चंद बागड़ी, जोगिंद्र सिंह नडाना, जानकी प्रसाद त्रिपाठी, हरीकृष्ण शर्मा, सुभाष लांबा, देवेंद्र लांबा, रोशन लाल शर्मा, बलबीर सिंह करोड़ा, ईशम सिंह, दलेल सिंह, राजिंद्र सिंह रिंडल, राजकुमार, रमनीत मेहला, राजबीर सिंह, राममेहर सिंह, रामबीर, नात्थी राम, सतपाल, सुरेंद्र सिंह, मुकेश कुमार इत्यादि ने सम्मेलन में उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित किया।