करनाल। पुलिस भर्ती में लंबाई पूरी करा नौकरी दिलाने के नाम पर 5.90 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मधुबन थाना पुलिस को दी शिकायत में हांसी के गांव गढ़ी निवासी प्रमोद ने बताया कि वह अपने जीजा के घर मधुबन में रहता है। हरियाणा पुलिस सिपाही की भर्ती में उसकी लंबाई पूरी नहीं थी। उसे पंजाब के फिररोजपुर के गांव छान्गा राई हिथार जलालाबाद निवासी रविकांत मिला। उसने कहा कि वह उसकी हाइट पूरी करा देगा और पुलिस में भर्ती करा देगा। इसके लिए उसने 5.90 लाख रुपये मांगे, जो उसने अपने जीजा के खाते से निकालकर उसके बैंक खाते में डाल दिए। जब हरियाणा पुलिस सिपाही भर्ती का रिजल्ट आया तो उस लिस्ट में उसका नाम नहीं था। इस संबंध में जब उससे बात की गई तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और न ही रुपये लौटाए।