अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। नगर निगम का वर्ष 2019-20 का बजट मेयर रेणू बाला गुप्ता की अध्यक्षता में पास किया गया। इसके लिए विकास सदन में बैठक की गई। इसमें पार्षद और नगर निगम के आयुक्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यह बजट नगर निगम ने बंद कमरे में ही पास किया। इस बैठक से मीडिया को दूर रखा गया।
2019-20 में नगर निगम 1 अरब 65 करोड़ 6 लाख रुपये खर्च करेगा। इनमें से 35 करोड़ शहर के विकास पर खर्च किए जाएंगे। इससे अलग अधिकारियों की सैलरी, पेंशन सहित अन्य कार्यों पर 34.12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नगर निगम ने इस बार शहरवासियों को राहत दी है और टैक्स नहीं बढ़ाया है और 95 करोड़ 49 लाख 20 हजार प्रस्तावित आय रखी है। मेयर ने दावा किया कि करनाल के हर वार्ड पर बिना किसी भेदभाव के करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे।
इस वर्ष होंगे दो करोड़ रुपये के विकास कार्य
नगर निगम आयुक्त राजीव मेहता ने हाउस में विस्तार से बताया कि करनाल नगर निगम का बजट करनाल की जनता के लिए काफी लाभकारी होगा। नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में इस वर्ष 1 से 2 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाने संभव हो सकेंगे। उन्होंने पार्षदों से अपील की कि वे हाउस टैक्स की रिकवरी में सहयोग करें, यदि रिकवरी बढ़ती है तो शहर में उतने ही ज्यादा विकास कार्य संभव होंगे। उन्होंने कहा कि अब अनुमान के अनुसार 10 करोड़ रुपये वार्षिक हाउस टैक्स इकट्ठा होता है, यदि यह बढ़कर 15 करोड़ हो जाए तो प्रत्येक वार्ड में 50 लाख रुपये अतिरिक्त का विकास कार्य संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नगर निगम में ओर अधिक आय के स्त्रोत बनाने होंगे। उन्होंने कहा कि यदि पार्षद इसमें सहयोग करें, तो विकास के बेहतर विकल्प होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ ही दिनों में मुगल कैनाल फेस टू पर कार्य आरंभ हो जाएगा और निर्धारित समय पर उसको पूरा कर लिया जाएगा।
ऐसे आएंगे 95.49 करोड़ रुपये
नगर निगम आयुक्त राजीव मेहता ने हाउस को बताया कि वर्ष 2019-20 के प्रस्तावित वित्तीय बजट में करीब 95 करोड़ 49 लाख रुपये की विभिन्न साधनों से आय होगी, जिनमें अनुमानित हाउस टैक्स व प्रॉपर्टी टैक्स से 10 करोड़, डेवलपमेंट चार्ज से 1 करोड़, स्टांप ड्यूटी से 12 करोड़, किराए से 1 करोड़ 57 लाख, मिसलेनियस से 3 करोड़ रुपये, अन्य स्त्रोतों से 67 करोड़ 92 लाख रुपये शामिल हैं।
द्भखर्च किए जाएंगे रुपए
ननगर निगम आयुक्त राजीव मेहता ने बताया कि वार्षिक बजट में नगर निगम में जो विकास कार्य पर करीब 1 अरब 65 करोड़ 6 लाख रुपये का प्रस्ताव पारित किया गया है। इनमें स्थापना शाखा पर करीब 34 करोड़ 15 लाख 46 हजार रुपये, कंटीजेंसी पर करीब 10 करोड़ 76 लाख रुपये, विभिन्न विकास कार्यों पर करीब 35 करोड़ रुपये, मिसलेनियस आइटम पर करीब 85 करोड़ 14 लाख 36 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
विकास के लिए विभिन्न स्त्रोतों से अतिरिक्त आय की जाएगी
नगर निगम आयुक्त ने बजट सत्र के दौरान हाउस में बताया कि हम स्वावलंबी हैं, नगर निगम में विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में करीब 80 करोड़ 27 लाख 98 हजार रुपये की राशि नगर निगम के खाते में है और इस वर्ष करीब 95 करोड़ 49 लाख 40 हजार रुपये की राशि विभिन्न संसाधनों से जुटाई जाएगी। इस प्रकार नगर निगम के पास करीब 1 अरब 75 करोड़ 77 लाख 38 हजार रुपये की राशि होगी, जबकि विकास के लिए बजट में करीब 1 अरब 65 करोड़ 6 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
बैठक से पहले शहीदों की याद में रखा 2 मिनट का मौन
नगर निगम करनाल के वार्षिक बजट की बैठक विकास सदन में आरंभ हुई। इससे पहले मेयर रेनू बाला गुप्ता ने सभी उपस्थिति पार्षदों और अधिकारियों को कहा कि हमे सबसे पहले देश के लिए पुलवामा में शहीद हुए जवानों को 2 मिनट का मौन रखना होगा, सभी अपने-अपने स्थान पर खड़े हो गए और सभी ने शहीदों की याद में 2 मिनट का मौन रखा।