अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। विद्यार्थियों की साइंस के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए जिले के 9 सरकारी स्कूलों में साइंस क्लब बनाए जाएंगे, इसके लिए शिक्षा विभाग ने प्रत्येक स्कूल के लिए 50-50 हजार रुपये का बजट जारी भी कर दिया है और स्कूलों के खाते में भी रुपये चले गए हैं। इतना ही नहीं साइंस क्लब के साथ-साथ इन स्कूलों में हर महीने साइंस को लेकर विभिन्न एक्टिविटी कराई जाएंगी, जिनमें साइंस संबंधित संस्थानों को भ्रमण, साइंस मॉडल तैयार करना, साइंस क्विज, पोस्टर आदि शामिल है। जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि अभी तक तरावड़ी के मॉडल स्कूल में ही साइंस क्लब बनाया हुआ है। अब साइंस को लेकर विभाग ने हर महीने का साइंस एक्टिविटी शेड्यूल जारी कर दिया है।
इन स्कूलों में बनाए जाएंगे साइंस क्लब
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निगदू, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भादसो, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़गांव, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गढ़ी बीरबल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुंडला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय असंध, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निसिंग, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुटेल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नीलोखेड़ी में साइंस क्लब बनाए जाएंगे।
हर माह ये होंगी एक्टिविटी
अप्रैल में एसे राइटिंग, साइंस क्विज, पोस्टर एंड चार्ट प्रतियोगिता व रैली आदि, मई में विद्यार्थियों को फार्म, नर्सरी आदि का भ्रमण करा फूलों व कीड़ों आदि की जानकारी देना, जुलाई में औषधि पौधों, पशु-पक्षी आदि की जानकारी देना, अगस्त में दाल, गेहूं आदि की जानकारी देना, सितंबर में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए पोस्टर, चार्ट, फोटो की प्रदर्शनी लगाना, अक्तूबर में वेस्ट सामान को रिसाइकल करने की जानकारी देना, नवंबर में विद्यार्थियों को बताना कि बीमारियों के प्रति कैसे लोगों को जागरूक किया जाए, दिसंबर में प्लास्टिक के बैग का कम से कम प्रयोग करने के बारे में, जनवरी में विद्यार्थियों से मॉडल बनवाए जाएं और फरवरी में उन मॉडलों में ओर सुधार कराया जाए।
साइंस मॉडल के सात हजार रुपये, 25 हजार रुपये एक्टिविटी पर होंगे खर्च
शिक्षा विभाग ने 50 हजार रुपये से क्या-क्या खरीदना है और कैसे खर्च होंगे। यह भी निर्देश दिए हुए हैं। 25 हजार रुपए विद्यार्थियों की एक्टिविटी पर खर्च किए जाएंगे। 13 हजार रुपये की एनसीआरटी की किट खरीदी जाएगी। 7 हजार रुपये विद्यार्थियों के मॉडल पर खर्च होंगे और पांच हजार रुपये बच्चों को इनाम के रूप में दिए जाएंगे जो साइंस प्रतियोगिताओं में अव्वल रहेंगे।
वर्जन।
जिले में 9 सरकारी स्कूलों में साइंस क्लब बनाए जाएंगे, इसके लिए स्कूलों में 50-50 हजार रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। इसके साथ ही हर महीने साइंस एक्टिविटी का शेड्यूल भी जारी किया हुआ। अप्रैल से इन स्कूलों में साइंस एक्टिविटी शुरू की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों की साइंस में रुचि बने और वे देश की तरक्की में सहयोग दें।
-डॉ. सुशील कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, करनाल।