अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सीएम सिटी की दर्जनभर कॉलोनियों में लोग मौत के साय में अपना जीवन व्यतीत कर कर रहे हैं। उनकी छतों से हाई वोल्टेज की नंगी तारें गुजर रही हैं। इतना ही नहीं शहर के हर नुक्कड़ पर रखे बिजली के ट्रांसफार्मर हादसे का सबब बने हुए हैं। 8 फुट की ऊंचाई पर रखे जाने वाले ट्रांसफार्मरों को निगम के कर्मचारियों ने दो से तीन फुट पर रखा हुआ है। फ्यूज भी इस ऊंचाई पर है जिन्हें छोटा बच्चा भी छू सकता है। इस बारे में बिजली निगम के हर अधिकारी को पता है, क्योंकि कॉलोनिवासियों ने कई बार निगम को लिखित में शिकायत दी है, लेकिन निगम उन्हें इन्हें देखकर अंजान बना हुआ है। कॉलोनी में कई ऐसे प्वाइंट हैं जहां हर रोज हादसा होने का खतरा बना रहता है। ऐसा नहीं है कि बिजली निगम के इस लापरवाही के कारण हादसे न हुए हों, लेकिन फिर भी निगम इन लापरवाही को सुधारने की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। बाइक या साइकिल सवार युवक का सिर भी फ्यूज प्वाइंट से टकराने का खतरा बना रहता है।
ट्रांसफार्मरों को आग का गोला बनते देखा है
शहरवासियों का कहना है कि एक बार नहीं दर्जनों बार जमीन पर रखे ट्रांसफार्मरों को आग का गोला बनते देखा है। बार बार कहने के बाद भी अफसर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर नहीं रखवा रहे हैं और न ही उन्हें ऊंचाई पर रख रहे हैं। शहर के रामनगर, शिव कॉलोनी, डेहा बस्ती, प्रेम नगर, इंद्रा कॉलोनी, शिवाजी कॉलोनी, धक्का बस्ती, सदर बाजार, सर्राफा बाजार सहित अन्य कॉलोनियों में तारों का जाल बिछा हुआ है।
करंट लगने से शिव कॉलोनी में झुलसे थे पांच मजदूर
18 अगस्त को शिव कॉलोनी गली नंबर एक में मकान का लेंटर डालने के बाद मजदूर मशीन को धक्का मारकर ले जा रहे थे। कॉलोनी में बिजली की तारें नीचे होने के कारण मशीन पर बैठा मजदूर तार टकरा गया था। इस कारण मकान मालिक सहित पांच मजदूर करंट लगने से झुलस गए थे, लेकिन फिर भी निगम ने वहां जाकर उन तारों को ऊंचा नहीं किया, आज भी वहां तारे घरों की छत से गुजर रही है।
दुधारू पांच भैंसों की हुई थी करंट लगने से मौत
21 अगस्त को नई सब्जी मंडी के पीछे बजीदा रोड पर बिजली निगम की लापरवाही के कारण पांच दुधारू भैंस की मौत हो गई। मंगल कॉलोनी वासी पशुपालक सोने ने आरोप लगाया था कि हुए कहा कि बजीदा रोड पर एक प्लाट की चारदीवारी पर हाईवोल्टेज की एक तार टच हो रही थी। जो करीब पांच से छह फीट की उचाई पर ही थी। जब वह अपनी सात भैंसों को लेकर वहां से गुजरा तो पांच भैंसो को अचानक करंट लग गया।
15 साल से घर में लगा हुए है बिजली का खंभा, बारिश में आता है घर में करंट
शिव कॉलोनी निवासी राजेश ने बताया कि 2003 में उसने मकान मनाया था। वह अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ मकान में रहता है। घर की दीवार के बिजली का खंभा आया हुआ है। जिसे निकलवाने के लिए उन्होंने निगम को तीन बार लिखित में शिकायत दी है। लेकिन निगम इस खंभे को निकालने के लिए तैयार ही नहीं है। बारिश होते ही उनके घर में करंट आ जाता है। उस दौरान उन्हें अपने रिश्तेदारों घर में रहना पड़ता है।
शहर में जहां भी खतरनाक लाइन गुजर रही थी वह हटा दी गई है और जहां रह गई है वहां हटाई जा रही है। यदि किसी ने अभी कुछ दिनों में घर बनाया है और उनकी छत से बिजली की लाइन गुजर रही है तो शिकायत आने पर उसे भी हटा दिया जाएगा। यदि शहर में कोई भी खतरनाक प्वाइंट है तो निगम को बताएं वह हटा दिया जाएगा।
-धर्म सिंह सुहाग, एक्सइएन, बिजली निगम करनाल।