अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ खेतों को दी जाने वाली बिजली सप्लाई में भी निगम अनचाहे कट लगाकर किसानों के लिए दिक्कतें पैदा कर रहा है। खेतों में देर सबेर लगने वाले अघोषित बिजली के कटों से गुस्साएं किसानों ने सोमवार को कोहंड पॉवर हाउस में जमकर बवाल काटा। गुस्साए किसानों ने पॉवर हाउस में तैनात बिजलीकर्मी के साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं किसानों ने बिजलीकर्मी के कपड़े भी फाड़ दिए।
किसानों का आरोप है कि नोरम के अनुसार किसानों को खेतों में आठ घंटे बिजली सप्लाई मिलनी चाहिए, लेकिन केवल दो से तीन घंटे ही बिजली सप्लाई मिल रही है। हंगामे की सूचना मिलते ही बिजली निगम के एसडीओ मनीष लांबा पॉवर हाउस पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। एसडीओ द्वारा समस्या के समाधान के ठोस आश्वासन के बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ और वे अपने घरों को लौट गए।
शिकायतों पर नहीं होती है कार्रवाई
किसानों का आरोप है कि बिजली निगम की शर्तों के मुताबिक खेतों में आठ घंटे बिजली की सप्लाई दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन पिछले एक सप्ताह से किसानों को दो से तीन घंटे ही बिजली की सप्लाई मिल रही है। जब खेतों में पानी की सप्लाई शुरू करते है तो कुछ ही देर बाद लाइट चली जाती है। मात्र दो से तीन घंटे की सप्लाई में धान में सिंचाई का कार्य ही नहीं हो पाता है। इससे उनकी फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इतना ही नहीं जगह-जगह से बिजली के तार ढीले हैं और कई जगहों से बिजली के तार टूटे हैं। जब इसकी शिकायत बिजली निगम को की जाती है तो उस पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। बिजली की सप्लाई न आने से धान में सिंचाई की दिक्कत सामने आ रही है, लेकिन किसानों की दिक्कतों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। किसानों ने बताया कि एसडीओ ने उनको तीन दिन का आश्वासन दिया है कि उनकी समस्या का समाधान तीन दिन में हो जाएगा। यदि समस्या का समाधान नहीं होता है तो आगामी रूपरेखा तैयार करेंगे।
अभद्र व्यवहार के चलते हुई मारपीट
पीड़ित बिजली कर्मी रामदास ने बताया कि सोमवार को कुछ ग्रामीण पॉवर हाउस में आए और बिजली सप्लाई को लेकर बिजली कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। ग्रामीण पॉवर हाउस को बंद करने का दबाव बना रहे थे। इसको लेकर बात हाथापाई तक पहुंच गई और हाथापाई मारपीट में बदल गई। प्रदर्शनकारियों ने मारपीट के साथ-साथ उसके कपड़े भी फाड़ दिए, जिसकी शिकायत उसने बिजली निगम के एसडीओ मनीष लांबा को दे दी है।
छानबीन के बाद करेंगे आगामी कार्रवाई
बिजली निगम के एसडीओ मनीष लांबा ने बताया कि किसानों ने पॉवर हाउस में आकर हंगामा किया और पॉवर हाउस बंद करवा दिया था। साथ ही बिजलीकर्मी के साथ हाथापाई करते हुए मारपीट की। ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया गया है और उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। बिजली कर्मी के साथ हुई मारपीट की छानबीन की जाएगी और पूरे मामले की जानकारी के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।