संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग। कस्बे के नजदीकी गांव बालू में वीरवार दोपहर गली के ऊपर से गुजर रही 11 केवी की हाईवोल्टेज बिजली लाइन टूटकर गिर गई। हादसे में फ्लिपकार्ट का कोरियर बॉय विक्की (25) गंभीर रूप से झुलस गया। वह बाइक पर गांव में पार्सल देने आया था। रास्त में खड़े होकर ग्राहक को फोन कर रहा था तभी अचानक तार उसके ऊपर आ गिरा। उसके शरीर में आग की लपटें उठने लगीं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिजली निगम को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई। ग्रामीणों की मदद से युवक को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निसिंग पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां भी हालत नाजुक बनी रहने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक के शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि गांव में बिजली की लाइनें काफी समय से जर्जर हालत में हैं और कई बार विभाग को शिकायत दी जा चुकी है लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ढीले और नीचे लटकते तार लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते बिजली निगम ने लाइनों की मरम्मत करवा दी होती तो यह हादसा टल सकता था। उन्होंने पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की तुरंत जांच कराने और खराब लाइनों को बदलने की मांग की है। साथ ही इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई है।
वर्जन :
तार किस वजह से टूटा इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। - संदीप, एसडीओ