अमर उजाला ब्यूरो
असंध (करनाल)। असंध डाकखाना क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। डाकखाना अधिकारियों पर मनमानी के आरोप हैं। डाकखाना के अधिकारी हर रोज दोपहर बारह बजे ही शटर बंद कर देते हैं। इसके बाद ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। डाकखाने में काम करवाने आए रमेश, दिलबाग लाड़ी, सुनील, दर्शन, राजीबर, करेसनी देवी, राजबाला, मुकेश, शिवम ने बताया कि असंध डाकखाने में अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं। जब भी काम करवाने आते हैं तो अधिकारी हर रोज बारह बजे ही डाकखाने के शटर बंद करके ताला लगा देते हैं। इस बारे में जब डाकखाना इंचार्ज से दलेर सिंह से बात की गई तो उनका कहना है कि उनके पास स्टाफ नहीं है, इसलिए वह डाकखाने के गेट पर ताला लगवा देते हैं। जब उनसे पूछा गया कि बाहर लोग परेशान हो रहे हैं तो उनका कहना था कि जो परेशान होता है होता रहे उनका काम करने का ये ही तरीका है। जब पूछा गया आप ताला लगाकर अंदर बैठे हो तो उन्होंने कहा कि काम बहुत ज्यादा होता है इसलिए वह बंद कर देते हैं। हमने उच्च अधिकारियों को स्टाफ बढ़ाने के लिए लिखा हुआ है। उधर, एडीएम अनुराग ढालिया का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। मामले की शिकायत वह विभाग के उच्च अधिकारियों को करेंगे।