घरौंडा। कस्बे में लूटपाट, गोलियां, चोरी की वारदात दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। चार दिन पूर्व रेलवे रोड स्थित तोता राम व्यापारी को गोली मारकर घायल करने का मामले का खुलासा भी नहीं हुआ था कि रविवार की रात लगभग 12 बजे दो कारों में सवार आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने कार सवार शहर के वार्ड नंबर एक के पार्षद और नंबरदार सहित अन्य युवक पर गंडासी, डंडों के साथ जानलेवा हमला बोल दिया।
यह हमला बस स्टैंड स्थित एक निजी होटल के पास हुआ। परिजनों को कहना है कि बदमाश सोनू नंबरदार की ब्रेजा कार सहित सोने की अंगूठी, चेन व कड़ा भी लेकर फरार हो गए। घायलों को इलाज करनाल के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि अभी घायलों के बयान नहीं हुए हैं।
आगे-पीछे अड़ा दी गाड़ियां, लाठी-डंडों से हमला
घायल नंबरदार सोनू राणा के चाचा जसबीर ने बताया कि रविवार की रात करीब 12 बजे मुकेश राणा उर्फ सोनू नंबरदार अपने साथी वार्ड नंबर-1 के पार्षद जयनारायण व अन्य एक साथी नरेश के साथ अपनी ब्रेजा कार में सवार होकर एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। बस स्टैंड से थोड़ी आगे जब वे दिल्ली जूस कार्नर के पास पहुंचे तो पीछे से दो कारें आई, उनमें से एक कार सोनू की कार के आगे खड़ी कर दी और दूसरी पीछे खड़ी कर दी। इन दोनों कारों से सात-आठ युवक लाठी और गंडासियों के साथ उतरे और सोनू, जयनारायण और नरेश पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने तीनों के साथ बुरी तरह से मारपीट की। जिससे तीनों बेहोश हो गए। बाद में पार्षद जयनारायण को होश आ गया और उसने दोनों घायलों को सड़क से उठाकर साइड में लेटाया और परिजनों को सूचना दी।
डरे हुए हैं शहरवासी, पुलिस के हाथ खाली
तोता राम पकोड़ा वाले प्रिंस पर गोली चलाने और पार्षद और नंबरदार पर गंडासी और डंडो से जानलेवा हमला होने के मामले से शहरवासी डरे हुए हैं। उनका कहना है कि पुलिस पीसीआर और राइड का दावा करती है कि वे गश्त करते हैं, लेकिन फिर भी शहर में सरेआम गोलियां चल रही हैं। वहीं इन दोनों मामलों में भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
वर्जन
कार्यकारी थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पार्षद और नंबरदार पर हमला होने की सूचना मिली थी। इस मामले की जांच की जा रही है। अभी घायलों के बयान नहीं हुए हैं। तोता राम व्यापारी के मामले में भी जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।