सांस की बीमारी से परेशान बुजुर्ग ने पेट में चाकू मारकर की आत्महत्या
करनाल। जिले के गांव पूजम में एक बुजुर्ग ने अपने ही पेट में चाकू मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर बुजुर्ग का शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच अधिकारी निर्मल सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पूजम निवासी ज्ञानचंद ने अपने पेट में चाकू मारकर आत्महत्या कर ली है। इस मामले की जांच की गई तो ज्ञानचंद के बेटे ऋषिपाल ने बयान दिए कि उनके पिता ज्ञानचंद पिछले 15 साल से सांस की बीमारी से जूझ रहे थे। करीब एक साल से वह सांस की बीमारी से बहुत ज्यादा परेशान थे। इस कारण वह मानसिक रूप से परेशान भी रहने लगे। मंगलवार शाम को वह कमरे में अकेला था और उसने अपने पेट में चाकू मार लिया। उसकी चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के दूसरे सदस्य उसके पास पहुंचे तो देखा कि उसके पिता के हाथ में चाकू था और उसके पेट से खून निकल रहा था। वह उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान उनके पिता ने दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है।