भाकियू ने जगमग योजना को बताया डगमग योजना, विरोध जारी
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
प्रदेश सरकार की जगमग योजना का गांव शेखुपुरा जागीर में ग्रामीणों ने विरोध करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध के दौरान ग्रामीणों ने कई-कई हजार रुपये बिजली के बिल आने पर रोष जताया। भाकियू ने जगमग योजना को डगमग योजना करार दिया। इस योजना का विरोध भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में किया गया। आयोजित किसान मजदूर पंचायत में काफी ग्रामीणों ने भाग लिया। पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष यशपाल राणा ने की। पंचायत को प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमचंद शाहपुर, उत्तरी हरियाणा प्रभारी बलवान बदरान, जिला संरक्षक महताब कादियान, जिला प्रवक्ता सुरेंद्र सागवान सहित कई किसानों ने संबोधित किया। ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए कहा कि इस योजना के नाम पर गरीब ग्रामीणों को लूटा जा रहा है। तेज चलने वाले बिजली के मीटर लगाए गए हैं। जिलाध्यक्ष यशपाल राणा ने कहा कि जिस तरह से इस योजना के परिणाम सामने आ रहे है। उससे प्रतीत होता है कि पूर्व में की गई योजनाओं के तहत जल्द ही यह योजना भी दम तोड़ने वाली है। इस अवसर पर किसान नेता शीशपाल शर्मा, राजेंद्र राणा औंगंद, राय सिंह, पृथ्वी सिंह, राजेंद्र सागवान, प्रभूदयाल, पूर्णपाल, देशराज पाल, जगदीश, रामकुमार, भागीरथ सगवाल, देवराजपाल, जयभगवान पाल, धर्म सिंह सगवाल, जोगिंद्र सागवान, वेदू आदि किसान-ग्रामीण उपस्थित रहे।