सरकार के खिलाफ गरजे नपा कर्मचारी संघ
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
नगरपालिका कर्मचारी संघ सदस्य दूसरे दिन भी बुधवार को नगर निगम कार्यालय में गेट मीटिंग करते हुए मांगों और समस्याओं को लेकर जमकर गरजे और सरकार को कोसा। मीटिंग की अध्यक्षता इकाई प्रधान वीरभान बिडलान ने की और संचालन सचिव अशोक प्रोचा ने किया। अशोक प्रोचा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार और नगर निगम अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। बार-बार अनदेखी कर कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। कई कर्मचारियों को छह महीने से झाडू़ तक नहीं दी गई। तीन महीने से सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला। वीरभान बिड़लान ने कहा कि नगर निगम में 275 सफाई कर्मचारी कार्य करते थे, लेकिन प्रशासन ने 104 कर्मचारियों को ठेकेदार के अधीन काम करने के लिए भेज दिया, इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि संघ की ओर से 28 दिसंबर को शहर में झाडू़ प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारी नगर निगम कार्यालय से प्रदर्शन करते हुए वाल्मीकि चौक पहुंचेंगे। इस अवसर पर राम सिंह, रमेश चरनालिया, राजकुमार ढिल्लो, राजवीर बुडाखेड़ा, महिला प्रधान उर्मिला देवी, शारदा देवी, रमेश दादूपुर, सतपाल सतपाल सैनी, जयपाल, सचिन चौहान व सतीश ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया।