विदेश भेजने के नाम पर 10 लाख की ठगी
करनाल। गांव सांभली के एक व्यक्ति से विदेश भेजने के नाम पर लगभग 10 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत सीएम विंडो में दी है। इस पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
गांव सांभली निवासी अभिषेक ने पुलिस को बताया कि मुगल कैनाल दुकान नंबर 80 में उसका कोचिंग सेंटर है। आरोपी सुधीर और संतोष का उनके घर आना-जाना था। दोनों ने उसके पिता को बताया कि अरविंद्र सिंह कई बार विदेश जा चुका है और वह बाहर विदेश में लोगों को नौकरी दिलवाने का काम करता है। वह उसके दोनों बेटों को विदेश में नौकरी दिलवा सकता है। इसके बाद आरोपी अरविंद्र उसके दफ्तर में उससे मिला। इस दौरान उसने बताया कि वह स्विटजरलैंड में पीआर है। इससे वह इसकी बातों में आ गए। आरोपी से पीड़ित के भाई अभिजीत को बाहर भेजने की बातचीत तय हो गई। आरोपी ने कहा कि बाहर भेजने के लिए पहले एडवांस पैसे देने होंगे। इस पर वह तीनों आरोपियों को लगभग 10 लाख रुपये दे दिए। आरोपियों ने उन्हें 21 अक्तूबर को फ्लाइट की बात कह दी और उनके कहने पर उसका भाई अपना सामान लेकर गांव से करनाल आ गया। इसके बाद आरोपियों ने अपना फोन बंद कर दिया। इसके बाद वह पंचायत लेकर दोषियों के घर गए और उनसे बात की। आरोपियों ने पंचायत में 10 नवंबर 2016 को पैसे वापस देने की बात कही। लेकिन आरोपी अरविंद्र घर से फरार है और दूसरे दोनों आरोपी कहने लगे की उन्होंने उससे पैसे नहीं लिए। अगर दोबारा पैसे मांगे तो वह उसे जान से मरवा देंगे। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।