संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एक शादी समारोह में हुई आपसी कहासुनी के बाद रंजिश रखते हुए एक आरोपी ने छह-सात युवकों के साथ मिलकर तीन दोस्तों का रास्ता रोककर उन्हें डंडे व गंडासी से पीटा। आरोपियों ने उनकी कार को भी टक्कर मार दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव आहुं निवासी प्रवीन कुमार ने ढांड थाना में शिकायत दी कि 27 नवंबर को वह अपने गांव के रणबीर सिंह व विजय के साथ कार से पबनावा गांव में एक शादी में गए थे। वहां से उनका जानकार पबनावा निवासी जयपाल उन्हें अपने खेत में ले गया। वहां पर पार्टी का आयोजन किया गया था। वहां पर आठ-दस व्यक्ति और पहले से मौजूद थे। इस बीच उसकी जयपाल के साथ कहासुनी हो गई। बाद में वे खेत से चल पड़े।
प्रवीन के मुताबिक, वापस आते समय जब वे गांव पबनावा से कौल वासी सड़क पर रजबाहा पुल के पास पहुंचे तो पीछे से एक कार ने उनको टक्कर मार दी। इससे उनकी कार रजबाहे में गिर गई। फिर दूसरी कार से पांच-छह व्यक्ति उतरकर आए, जिनमें जयपाल व उसी के गांव का सोनू भी शामिल थे। आरोपियों ने आते ही उन पर डंडे व गंडासी से हमला कर दिया। उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। जांच अधिकारी सतपाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।